ग्रेटर नोएडा, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक नामी हाउसिंग सोसाइटी में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिसरख थाना क्षेत्र स्थित आम्रपाली किंग्सवुड गोल्फ होम्स सोसाइटी में एक शातिर महिला ने मेड बनकर घर में प्रवेश किया और बुजुर्ग महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गई।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार पिछले कुछ दिनों से घर के लिए मेड की तलाश कर रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात महिला खुद को मेड बताकर फ्लैट पर पहुंची। उसने दरवाजा खटखटाकर कहा कि उसे बहू ने काम के लिए भेजा है। जैसे ही बुजुर्ग महिला ने दरवाजा खोला, आरोपी महिला ने उनके चेहरे पर नशीला पदार्थ फेंक दिया, जिससे वह तुरंत बेहोश हो गईं। घटना के समय बुजुर्ग महिला घर में अपनी 6 महीने की पोती के साथ अकेली थीं।
आरोपी महिला ने इस मौके का फायदा उठाते हुए घर में रखे कीमती सामान, सोने का मंगलसूत्र और नगदी पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गई। करीब एक घंटे बाद जब बुजुर्ग महिला को होश आया, तब उन्होंने घटना की जानकारी परिवार और पड़ोसियों को दी। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हा
लांकि, सोसाइटी में सीसीटीवी कैमरों की कमी के चलते जांच में काफी मुश्किलें आ रही हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी महिला की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में दहशत का माहौल है। खासकर बुजुर्ग और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
स्थानीय लोगों ने सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है और प्रबंधन से जल्द से जल्द सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सुरक्षा को मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना का खुलासा किया जाएगा।
--आईएएनएस
पीकेटी/पीएम
