ग्रेटर नोएडा : 25 हजार का इनामी हरियाणा का गौ तस्कर घायल, अवैध हथियार बरामद

ग्रेटर नोएडा, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर जनपद के रबूपुरा क्षेत्र में मंगलवार को थाना रबूपुरा पुलिस और एक वांछित गौ तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 7 अप्रैल 2026 को थाना रबूपुरा पुलिस कार्गो टी प्वाइंट पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया।

हालांकि, वह व्यक्ति नहीं रुका और बाइक मोड़कर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान संजू पुत्र रुक्का उर्फ लुक्का (उम्र 32 वर्ष), निवासी शेखपुर थाना चांदहट, जिला पलवल (हरियाणा) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस (जो नाल में फंसा हुआ था), एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपी को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संजू थाना रबूपुरा में दर्ज कई गंभीर मामलों में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ गौवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

आरोपी का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है। उस पर गौतमबुद्धनगर और हरियाणा के विभिन्न थानों में गौ तस्करी, पशु क्रूरता और अवैध हथियार रखने जैसे कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2026 में ही तीन मुकदमे रबूपुरा थाने में दर्ज हैं, जबकि वर्ष 2025 और 2024 में हरियाणा के पलवल और फरीदाबाद जिलों में भी उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किए गए हैं।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएस

Related posts

Loading...

More from author

Loading...