छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद समाप्त हो रहा है: विष्णु देव साय

रायपुर, 31 मार्च (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 31 मार्च छत्तीसगढ़ के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। राज्य से नक्सलवाद का खात्मा हो रहा है, जिससे विकास के मार्ग में दशकों से चली आ रही एक बाधा दूर हो गई है।

रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और सशक्त नेतृत्व से नक्सलवाद के अंत की दिशा में ऐतिहासिक सफलता मिली है। बस्तर अब भय से नहीं, विश्वास से पहचाना जाएगा, जहां शांति की नींव पर विकास की नई गाथा लिखी जाएगी। यह सिर्फ अंत नहीं, एक नए युग की शुरुआत है। प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की ओर से बहुत धन्यवाद। ये नक्सलवाद छत्तीसगढ़ के विकास में बहुत बड़ा बाधक था और केंद्रीय गृह मंत्री ने संकल्प लिया था कि 31 मार्च 2026 तक इसे समाप्त करना है और उनका संकल्प पूरा हुआ है। अब बस्तर क्षेत्र बहुत तेजी से विकास करेगा, जो 40 वर्षों से विकास से अछूता था।

उन्होंने बताया कि अब हर क्षेत्र तक समय पर जीवनरक्षक स्वास्थ्य सेवा पहुंचेगी, ताकि आपात स्थिति में हर जरूरतमंद को तुरंत और प्रभावी इलाज मिल सके।

सीएम ने बताया कि आज 370 एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर मजबूत, तेज और भरोसेमंद आपातकालीन स्वास्थ्य तंत्र को सशक्त किया गया है। हमारा संकल्प स्पष्ट है, स्वास्थ्य सेवाएं हर नागरिक तक समान रूप से, समय पर और संवेदनशीलता के साथ पहुंचे। हर सेकंड की कीमत है, हर जीवन अनमोल है और उसकी रक्षा हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि जहां कभी गोलियों की गूंज थी, वहां आज विकास, विश्वास और सुशासन की नई धारा बह रही है। बस्तर अब भय की छाया से निकलकर आत्मविश्वास और प्रगति की राह पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। यह परिवर्तन हमारी डबल इंजन सरकार के अडिग संकल्प, प्रभावी नीतियों और जनता के अटूट विश्वास का प्रतिफल है, जहां शांति ने भय पर विजय पाई है, सुरक्षा ने भरोसा जगाया है और समृद्धि बस्तर के उज्ज्वल भविष्य को नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रही है। माओवाद, जो हमारे प्रदेश के लिए मवाद बन चुका था, डबल इंजन सरकार ने उसे ऑपरेशन करके निकाल फेंका है। आज विकास, खुशहाली, समृद्धि और सुशासन हमारे छत्तीसगढ़ की असली पहचान बन चुके हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम

Related posts

Loading...

More from author

Loading...