चंडीगढ़ : शिरोमणि अकाली दल के नेताओं ने थामा भाजपा का दामन, अश्वनी शर्मा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

चंडीगढ़, 30 मार्च (आईएएनएस)। पंजाब में शिरोमणि अकाली दल को बड़ा झटका लगा है। कई नेता भाजपा में शामिल हो गए, जिसमें एसजीपीसी सदस्य एस. चरणजीत सिंह कालेवाल, राष्ट्रीय महासचिव एस. रमनदीप सिंह भारोवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एस. भूपिंदर सिंह (टिटू), नकोदर निर्वाचन क्षेत्र के वरिष्ठ अकाली नेता एस. अवतार सिंह रामेवाल ने भाजपा का दामन थाम लिया।

भाजपा पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पार्टी में इन नेताओं का स्वागत किया और इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विरोधियों पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि तीन बड़े नेता आज भाजपा में शामिल हुए हैं। तीनों नेताओं ने भाजपा और गृह मंत्री अमित शाह की रैली से प्रभावित होकर भाजपा ज्वाइन किया है। इन नेताओं का मानना है कि पंजाब को नशा मुक्त कोई कर सकता है, किसानों को उनका अधिकार कोई दिला सकता है और पंजाब को विकास की राह पर कोई ले सकता है तो वह भाजपा ही है।

उन्होंने आगे कहा कि पंजाब विकास की राह पर चले और पंजाब में गुंडा राज खत्म हो, पंजाब नशा मुक्त हो, इस मुहिम में साथ देने के लिए इन्होंने भाजपा ज्वाइन किया है।

अश्वनी शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि किसी भी धर्म का अपमान करने का अधिकार किसी के पास नहीं है, लेकिन पंजाब सरकार के मुखिया ने कहा था कि बेअदबी के मामले में 40 दिन के अंदर न्याय देंगे। पंजाब आज तक उस न्याय का इंतजार कर रहा है। अब जब इस सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई तो ये इस मामले से जुड़ा बिल लेकर आए हैं।

पंजाब सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह इस सरकार ने पुलिस प्रशासन का राजनीतिकरण किया है, अधिकारियों को डरा-धमकाया है, डीएम स्तर का व्यक्ति भी परेशान है। ऐसे में सरकार जो बिल लेकर आ रही है, उसमें ऐसा कोई प्रावधान होना चाहिए जिससे राजनीतिक द्वेष से कोई इसका दुरुपयोग न कर सके।

उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस पीएम मोदी का विरोध करते-करते कब देश का विरोध करना शुरू कर देती है, उन्हें पता ही नहीं चल पाता। देशहित सर्वोपरि रहना चाहिए। राजनीति के लिए बहुत से मुद्दे और समय हैं, लेकिन संकट के समय में जब देश की एकजुटता दिखनी चाहिए तो कांग्रेस भ्रम फैलाने, झूठ बोलने और लोगों को पैनिक करने का काम कर रही है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Related posts

Loading...

More from author

Loading...