अजमेर में अवैध बांग्लादेशी नागरिकों पर बड़ी कार्रवाई, 23वीं कार्रवाई में एक और गिरफ्तार

अजमेर, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। राजस्थान में अजमेर जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने अवैध रूप से निवास कर रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। 23वीं कार्रवाई में एक बांग्लादेशी नागरिक को दस्तयाब किया गया है, जिसके साथ ही अब तक कुल 56 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा जा चुका है।

यह अभियान पुलिस मुख्यालय जयपुर एवं अजमेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस राजेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में चलाया जा रहा है। जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल (आईपीएस) के नेतृत्व में अजमेर जिले में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों की पहचान कर उनके निष्कासन के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जागिंड (आरपीएस) के निर्देशन तथा वृताधिकारी दरगाह लक्ष्मण राम (आरपीएस) के नेतृत्व में सीआईडी जोन अजमेर के सहयोग से एक विशेष टीम गठित की गई है। यह टीम लगातार शहर के संवेदनशील और संभावित क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चला रही है।

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान दरगाह बाजार, जालियान कब्रिस्तान, अन्दकोट, नई सड़क, तारागढ़ की पहाड़ी, सिलावट मोहल्ला, बड़े पीर का चिल्ला, लंगर खाना गली, चश्मा-ए-नूर, त्रिपोलिया गेट, सोहले खम्भा और झालरा क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई। इस दौरान करीब 8-10 संदिग्ध खानाबदोश व्यक्तियों को डिटेन कर पूछताछ की गई।

पूछताछ में मोहम्मद तहजुल पुत्र मोहम्मद मुमताज हुसैन निवासी गोसाईपुर, थाना गोबिन्दाघास, जिला रंगपुर (बांग्लादेश) ने खुद को बांग्लादेशी नागरिक होना स्वीकार किया। उसने बताया कि वह अवैध रूप से हिल्ली बॉर्डर पार कर भारत में दाखिल हुआ और मालदा में 6-7 वर्षों तक रहा। इसके बाद वह नई दिल्ली होते हुए अजमेर पहुंचा, जहां दरगाह शरीफ के आसपास भीख मांगकर और खानाबदोश जीवन जी रहा था।

15 अप्रैल 2026 को गाउसिया कॉलोनी, बड़ा पीर रोड पर संदिग्ध रूप से घूमते पाए जाने पर उसे हिरासत में लिया गया और थाना दरगाह लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उसकी पहचान अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिए के रूप में हुई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और उसके नेटवर्क व अन्य संभावित घुसपैठियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

एमएस/

Related posts

Loading...

More from author

Loading...