स्पेन के एलिकांटे में हंता वायरस का संदिग्ध मामला, स्वास्थ्य विभाग सतर्क

मैड्रिड, 8 मई (आईएएनएस)। स्पेन के स्वास्थ्य सचिव जेवियर पैडिला ने शुक्रवार को बताया कि पूर्वी शहर एलिकांटे में हंता वायरस के एक संदिग्ध मामले का पता चलने के बाद स्वास्थ्य अधिकारियों ने जरूरी कदम उठाए हैं।

पैडिला के अनुसार, यह व्यक्ति कुछ हफ्ते पहले उसी फ्लाइट में यात्रा कर चुका था, जिसमें एक संक्रमित व्यक्ति मौजूद था।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, उन्होंने बताया कि इस व्यक्ति में हंता वायरस संक्रमण जैसे लक्षण पाए गए हैं, लेकिन अभी अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि यह मामला पक्का है या नहीं।

इसके अलावा, पैडिला ने पुष्टि की कि 'एमवी होंडियस' जहाज पर मौजूद सभी 14 स्पेनिश यात्रियों ने स्वेच्छा से क्वारंटीन में रहने के लिए सहमति दी है, ताकि संक्रमण फैलने का खतरा कम किया जा सके।

यह डच ऑपरेटेड क्रूज जहाज अभी स्पेन के कैनरी आइलैंड्स की ओर जा रहा है और अब तक इससे तीन मौतों का संबंध जुड़ चुका है।

पैडिला ने कहा कि स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय की एक टीम शनिवार को टेनेरिफ के लिए रवाना होगी, और जहाज के रविवार को वहां पहुंचने की उम्मीद है।

यात्रियों को छोटी नावों की मदद से जहाज से उतारा जाएगा और फिर सख्त आइसोलेशन की प्रक्रिया के तहत आगे ले जाया जाएगा। जहाज पर मौजूद स्पेनिश नागरिकों को मैड्रिड ले जाकर क्वारंटीन में रखा जाएगा।

ब्रिटेन की स्वास्थ्य सुरक्षा एजेंसी ने शुक्रवार को बताया कि दक्षिण अटलांटिक के ट्रिस्टन दा कुन्हा द्वीप पर दो ब्रिटिश नागरिकों में हंता वायरस की पुष्टि हुई है और एक अन्य व्यक्ति में इसके संक्रमण का शक है।

एजेंसी ने कहा कि 'एमवी होंडियस' जहाज पर मौजूद किसी भी ब्रिटिश नागरिक में अभी कोई लक्षण नहीं दिख रहे हैं, लेकिन सभी पर लगातार नजर रखी जा रही है। ब्रिटेन लौटने के बाद सभी ब्रिटिश यात्रियों और क्रू को 45 दिनों तक आइसोलेशन में रहना होगा।

ब्रिटिश सरकार के कर्मचारी भी रविवार को टेनेरिफ में मौजूद रहेंगे, ताकि जहाज से उतरने वाले ब्रिटिश नागरिकों की मदद कर सकें।

एजेंसी के अनुसार, 24 अप्रैल को जहाज से सात ब्रिटिश नागरिक सेंट हेलेना द्वीप पर उतरे थे। इनमें से दो लोग ब्रिटेन लौट चुके हैं और घर पर आइसोलेशन में हैं, और उनमें किसी भी तरह के लक्षण नहीं पाए गए हैं। चार लोग अभी भी सेंट हेलेना में हैं, जबकि सातवें व्यक्ति का पता ब्रिटेन के बाहर लगाया गया है।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम

Related posts

Loading...

More from author

Loading...