![]()
नई दिल्ली/तनेरीफ, 6 मई (आईएएनएस)। दक्षिणी अंटार्कटिक से लौट रहे लक्जरी क्रूज एमवी होंडियस पर संदिग्ध हंटावायरस संक्रमण के चलते हुई मौत और यात्रियों की गिरती सेहत की फिक्र दुनिया भर को है। इस बीच स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने जहाज को कैनरी आइलैंड्स के तनेरीफ में सुरक्षित रूप से लाने की योजना बनाई है। प्लान तैयार है लेकिन इस बीच कैनरी आइलैंड प्रशासन ने आपत्ति दर्ज करा दी है। संक्रमण के प्रसार को लेकर आशंकाएं जाहिर की हैं।
149 यात्रियों और 59 क्रू सदस्यों के साथ 107 मीटर लंबा यह आइस-श्रेणी का अभियान जहाज 20 मार्च को अर्जेंटीना के टिएरा डेल फुएगो से रवाना हुआ था। जहाज पर 23 देशों के लोग सवार थे, जिनमें 14 स्पेनिश नागरिक शामिल थे। 20 मार्च से 1 अप्रैल के बीच अंटार्कटिक क्षेत्र की यात्रा के बाद जहाज उशुआइया लौटा और फिर दक्षिणी अटलांटिक के दूरदराज़ क्षेत्रों की ओर निकल गया।
यात्रा के दौरान बीमारी के पहले लक्षण 6 अप्रैल को सामने आए, जब 70 वर्षीय डच यात्री को बुखार, सिरदर्द, पेट दर्द और दस्त की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर 11 अप्रैल को उनकी मौत हो गई। इसके बाद उनकी पत्नी समेत अन्य यात्री भी बीमार पड़ने लगे।
2 मई को एक जर्मन महिला की भी मौत हो गई। इसी दिन दक्षिण अफ्रीका में एक ब्रिटिश यात्री में हंटावायरस संक्रमण की पुष्टि हुई, जिससे आशंका और गहरा गई।
इस पूरे मामले में विश्व स्वास्थ्य संगठन और यूरोपीय संघ ने मिलकर स्पेन सरकार से अनुरोध किया कि जहाज को सुरक्षित रूप से कैनरी आइलैंड्स में लाया जाए। साथ ही यूरोपियन सेंटर फॉर डिजीज प्रिवेंशन एंड कंट्रोल इस पूरी स्थिति की बारीकी से जांच कर रहा है, ताकि यह तय किया जा सके कि किन लोगों को तुरंत मेडिकल इवैक्यूएशन की जरूरत है।
इसके बाद स्पेन सरकार ने योजना बनाई कि सभी स्पेनिश नागरिकों को मैड्रिड के सैन्य अस्पताल में क्वारंटीन किया जाएगा, जबकि अन्य यात्रियों को उनके-अपने देशों में भेजा जाएगा।
हालांकि, कैनरी आइलैंड्स प्रशासन ने इस फैसले पर आपत्ति जताई है। क्षेत्रीय नेता फर्नांडो क्लाविजो का कहना है कि यदि यात्री गंभीर रूप से बीमार नहीं हैं, तो उन्हें द्वीपों पर लाने की बजाय सीधे अन्य स्थानों से उनके देशों में भेजा जा सकता है।
क्लाविहो ने द्वीप समूह में लैंड करने की केंद्र सरकार की योजना का कड़ा विरोध किया है, जिससे मैड्रिड और स्थानीय प्रशासन के बीच राजनीतिक विवाद गहराया गया है।
क्लाविहो ने बुधवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज के साथ आपात बैठक करेंगे। उन्होंने मैड्रिड के फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि यह ‘तकनीकी मानदंडों’ और पर्याप्त पारदर्शिता के बिना लिया गया। उन्होंने कहा, “हम जहाज को कैनरी आइलैंड्स लाने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। क्षेत्रीय प्रशासन के पास सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त जानकारी हमें मुहैया नहीं कराई गई है।”
स्पेन के रेडियो स्टेशन ओएचएन-दाह थेह-रोह को दिए गए साक्षात्कार में उन्होंने कहा: “हमारे पास सरकार की ओर से कोई आधिकारिक दस्तावेज या जानकारी नहीं है। बिना जानकारी के, मैं जहाज को कैनरी आइलैंड्स में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दे सकता, क्योंकि हमें पता नहीं कि हम किस चीज़ का सामना कर रहे हैं।”
इसके अलावा, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी लिखा: “कैनरी आइलैंड्स हमेशा जिम्मेदारी के साथ काम करता है, लेकिन हम ऐसे निर्णय स्वीकार नहीं कर सकते जो हमारी संस्थाओं की जानकारी के बिना और जनता के लिए पर्याप्त सूचना के अभाव में लिए गए हों।”
फिलहाल यह वेसल प्राइया के पास लंगर डाले हुए है और आगे के निर्देशों का इंतजार कर रहा है। जहाज पर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और यात्रियों का मनोबल स्थिर है। स्वास्थ्य एजेंसियां अब संक्रमण के स्रोत की पहचान करने और आगे फैलाव को रोकने पर ध्यान दे रही हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके।
--आईएएनएस
केआर/