विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: नीदरलैंड की 15 सदस्यीय टीम घोषित, बैबेट डी लीड संभालेंगी कमान

एम्स्टर्डम, 6 मई (आईएएनएस)। नीदरलैंड क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। बैबेट डी लीड को टीम की कमान सौंपी गई है, जो उनका पहला बड़ा टी20 टूर्नामेंट होगा। यह टूर्नामेंट 12 जून को इंग्लैंड और वेल्स में शुरू होगा। नीदरलैंड्स पहली बार इस मल्टी-नेशनल टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जा रहा है, जिसमें कुल 12 टीमें शामिल होंगी।

नीदरलैंड क्रिकेट बोर्ड की तरफ से जारी बयान में बैबेट ने कहा, "हम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में अपनी पहली मौजूदगी को लेकर बहुत उत्साहित हैं। यह दुनिया की बेहतरीन टीमों के साथ मुकाबला करने और बड़े मंच पर नीदरलैंड्स के टैलेंट को दिखाने का एक शानदार मौका होगा। चूंकि टी20 वर्ल्ड कप हमारे घर के पास, इंग्लैंड में खेला जा रहा है, इसलिए हमें उम्मीद है कि बड़ी संख्या में 'ऑरेंज' (नीदरलैंड्स के समर्थक) दर्शक आएंगे और हमें भरपूर समर्थन मिलेगा। यह न सिर्फ हमारी टीम के लिए, बल्कि हमारे परिवारों, दोस्तों और उन सभी लोगों के लिए जिंदगी का एक यादगार अनुभव होगा, जिनके दिल में डच महिला क्रिकेट के लिए खास जगह है।"

नीदरलैंड ने पिछले साल नेपाल में हुए आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप ग्लोबल क्वालीफायर्स के 'सुपर सिक्स' चरण के तीनों मैचों में जीत हासिल करके पहली बार विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया था।

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नीदरलैंड को ग्रुप-ए में रखा गया है। ग्रुप चरण में इस टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, भारत, पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका से होगा। इन मुकाबलों में डच टीम प्वाइंट्स टेबल में टॉप-2 स्थानों पर जगह बनाने के लिए जोर आजमाइश करेंगी, ताकि सेमीफाइनल में पहुंच सके।

नीदलैंड की टीम 14 जून को एजबेस्टन में बांग्लादेश के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी, जिसके बाद 17 जून को हेडिंग्ले में भारत के खिलाफ और 20 जून को यूटिलिटा बाउल में मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले खेलेगी। यह टीम ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में अपने ग्रुप स्टेज मुकाबले खत्म करेगी, जहां 25 जून को उसका सामना साउथ अफ्रीका से और 27 जून को पाकिस्तान से होगा।

वर्ल्ड कप से पहले, डच टीम स्कॉटलैंड में बांग्लादेश और मेजबान देश के खिलाफ टी20 ट्राई-सीरीज खेलेगी।

टी20 वर्ल्ड कप के लिए नीदरलैंड की टीम: बैबेट डी लीड (कप्तान), कैरोलीन डी लैंग, फ्रेडरिक ओवरडिज्क, हन्ना लैंडहीर, हीथर सीगर्स, आइरिस ज्विलिंग, इसाबेल वैन डेर वोनिंग, लारा लीमहिस, मिर्थे वैन डेन राड, फीबी मोल्केनबोर, रॉबिन रिज्के, रोसाली लॉरेंस, सान्या खुराना, सिल्वर सीगर्स, स्टेरे कालिस।

--आईएएनएस

आरएसजी

Related posts

Loading...

More from author

Loading...