मुम्बई: भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण अगले माह 9 जून से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरु हो रही टी20 घरेलू सीरीज और आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की सीरीज के लिए कोच बनाये जा सकते हैं। माना जा रहा है कि बीसीसीआई दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज व इंग्लैंड दौरे के लिए दो अलग-अलग टीमों का चयन करेगी। ऐसे में मुख्य कोच राहुल द्रविड़ टेस्ट टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर जाएंगे जबकि वीवीएस लक्ष्मण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ और आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज के लिए कोच बनाये जा सकते हैं।
बीसीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा, ‘ हमें बर्मिंघम टेस्ट से पहले 24 जून को लीस्टरशायर के खिलाफ अभ्यास मैच खेलना है। द्रविड़ 15 या 16 जून को टीम के साथ रवाना होंगे। ऐसे में लक्ष्मण को भारत और दक्षिण अफ्रीका टी20 सीरीज और आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में कोच बनने के लिए कहा जाएगा।’
यह भी कहा जा रहा है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जाएगा क्योंकि आगामी टी20 विश्व कप को देखते हुए चयन समिति युवाओं को अवसर देना चाहती है। इस सीरीज में लंबे समय से बाहर चल रहे दिनेश कार्तिक और हार्दिक पंडया को भी अवसर दिया जा सकता है। वहीं अनुभवी शिखर धवन को टीम की कप्तानी मिली सकती है।
अनुभवी रोहित शर्मा, विराट कोहली, लोकेश राहुल, जसप्रीत बुमराह और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आराम दिया जा सकता है। ये सभी खिलाड़ी इंग्लैंड दौरे के लिए रवाना होंगे। वहीं घरेलू टी20 सीरीज में सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन, तेज गेंदबाज उमरान मलिक और जितेश शर्मा को अवसर मिल सकता है।
