टी20 वर्ल्ड कप: भारत के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका, पहले खिताब की तलाश में उतरेगा न्यूजीलैंड

नई दिल्ली, 7 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की भिड़ंत 8 मार्च को न्यूजीलैंड के साथ होगी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा। वहीं, न्यूजीलैंड पहली बार टी20 विश्व कप के खिताब को अपने नाम करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम का प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार रहा है। बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा का बल्ला भले ही खामोश रहा हो, लेकिन संजू सैमसन ने अपने प्रदर्शन से हर किसी का दिल जीता है। सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ संजू ने 42 गेंदों में 89 रनों की दमदार पारी खेली थी। ईशान किशन भी टूर्नामेंट में अच्छी लय में दिखाई दिए हैं। ईशान 8 मुकाबलों में 189 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 263 रन बना चुके हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 8 मुकाबलों में 242 रन बनाए हैं। हालांकि, सूर्या का स्ट्राइक रेट जरूर सवालों के घेरे में रहा है।

हार्दिक पांड्या बल्ले और गेंद दोनों से लगातार अहम योगदान दे रहे हैं। बल्लेबाजी क्रम में बदलाव के बाद तिलक वर्मा ने फिनिशर की भूमिका को बखूबी निभाया है। वहीं, गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह लाजवाब फॉर्म में चल रहे हैं। बुमराह 7 मुकाबलों में 10 विकेट निकाल चुके हैं और उनका इकोनॉमी महज 6.62 का रहा है। हालांकि, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती की हालिया फॉर्म भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय जरूर है।

दूसरी ओर, न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से रौंदा था। टॉप ऑर्डर में टिम सीफर्ट और फिन एलन कमाल की फॉर्म में नजर आए हैं। एलन ने सेमीफाइनल मैच में सिर्फ 33 गेंदों में शतक लगाया था। नंबर चार की पोजीशन पर ग्लेन फिलिप्स ने दमदार प्रदर्शन किया है। हालांकि, डेरिल मिचेल और मार्क चैपमैन टूर्नामेंट में रनों के लिए संघर्ष करते हुए दिखाई दिए हैं। गेंदबाजी में मैट हेनरी ने नई गेंद के साथ शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं, रचिन रविंद्र और मिचेल सैंटनर की स्पिन जोड़ी बीच के ओवरों में रनों पर लगाम लगाने में सफल रही है। रचिन 7 मुकाबलों में 11 विकेट चटका चुके हैं।

टी-20 इंटरनेशनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से 16 में जीत भारतीय टीम के हाथ लगी है। वहीं, न्यूजीलैंड ने 11 मैच जीते हैं। हालांकि, टी20 विश्व कप में भारतीय टीम आज तक न्यूजीलैंड को हरा नहीं सकी है। टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच कुल 3 मुकाबले खेले गए हैं और सभी में जीत न्यूजीलैंड को नसीब हुई है।

नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के अनुकूल रहती है। अहमदाबाद के इस मैदान पर जमकर चौके-छक्के लगते हैं। इस ग्राउंड पर पहली पारी का औसतन स्कोर 174 रन रहा है। वहीं, दूसरी पारी में औसत स्कोर 150 रन है।

एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले खिताबी मुकाबले में बारिश होने की आशंका न के बराबर है। मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद जताई जा रही है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

भारतीय टीम: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव।

न्यूजीलैंड टीम: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैककोन्ची, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, डेवोन कॉन्वे, काइल जैमीसन, ईश सोढ़ी, जैकब डफी।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Related posts

Loading...

More from author

Loading...