नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में अब तक कुल 18 सीजन खेले गए हैं। इस दौरान 18 में से 13 ट्रॉफी सिर्फ 3 टीमों के पास है। आइए, आईपीएल में अब तक की सभी विजेता टीमों के बारे में जानते हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स (5 खिताब): यह टीम आईपीएल इतिहास के पहले ही सीजन में फाइनल तक पहुंची, लेकिन यहां उसे राजस्थान रॉयल्स के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ गई। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने साल 2010 और 2011 में टाइटल अपने नाम किए।
साल 2012, 2013 और 2015 में सीएसके एक बार फिर फाइनल तक पहुंची, लेकिन यहां खिताब चूक गई। साल 2018 में सनराइजर्स हैदराबाद को शिकस्त देकर इस टीम ने अपना तीसरा खिताब जीता, लेकिन साल 2019 में मुंबई इंडियंस के हाथों फाइनल गंवाना पड़ा। इसके बाद साल 2021 और 2023 में सीएसके ने टाइटल जीते।
मुंबई इंडियंस (5 खिताब): यह टीम साल 2010 में आईपीएल के फाइनल तक पहुंची, लेकिन यहां उसे हार का सामना करना पड़ा। आखिरकार साल 2013 में इस टीम का खिताबी सूखा खत्म हुआ। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को मात देकर मुंबई इंडियंस (एमआई) पहली बार खिताब जीती। इसके बाद साल 2015 में इस टीम ने एक बार फिर सीएसके को शिकस्त देकर दूसरी ट्रॉफी जीती। एमआई ने साल 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स को मात देकर टाइटल जीतने के बाद साल 2019 और 2020 में लगातार दो सीजन फिर से ट्रॉफी अपने नाम की।
कोलकाता नाइट राइडर्स (3 खिताब): इस टीम ने गौतम गंभीर की कप्तानी में साल 2012 और 2014 की ट्रॉफी जीती, लेकिन साल 2021 में उसे खिताबी मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों मात झेलनी पड़ी। साल 2024 में गौतम गंभीर इस टीम के मेंटॉर थे और केकेआर ने सनराइजर्स हैदराबाद को शिकस्त देकर तीसरा खिताब अपने नाम किया।
राजस्थान रॉयल्स (1 खिताब): इस टीम के नाम आईपीएल इतिहास का पहला खिताब है। रॉयल्स ने साल 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स को मात देकर अपनी इकलौती ट्रॉफी जीती। इसके बाद साल 2022 में टीम को फिर से फाइनल मैच खेलने का मौका मिला, लेकिन यहां गुजरात टाइटंस ने बाजी मार ली।
डेक्कन चार्जर्स (1 खिताब): साल 2009 का खिताब डेक्कन चार्जर्स ने अपने नाम किया। फाइनल मैच में इस टीम ने 6 विकेट खोकर 143 रन बनाए। इसके जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर सिर्फ 137 रन ही बना सकी।
सनराइजर्स हैदराबाद (1 खिताब): इस टीम ने साल 2016 में आरसीबी को शिकस्त देकर अपना पहला और इकलौता खिताब जीता। इसके बाद साल 2018 में यह टीम एक बार फिर फाइनल तक पहुंची, जहां उसे चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी। साल 2024 में उसे फाइनल में केकेआर से हार का सामना करना पड़ा।
गुजरात टाइटंस (1 खिताब): इस टीम ने अपने आईपीएल डेब्यू सीजन में ही खिताब जीतकर इतिहास रच दिया था। साल 2022 के फाइनल में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को 130/9 के स्कोर पर रोकने के बाद गुजरात टाइटंस (जीटी) ने 18.1 ओवरों में 7 विकेट शेष रहते खिताब अपने नाम किया। इसके बाद जीटी अगले साल (2023) भी फाइनल तक पहुंची, लेकिन यहां चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (1 खिताब): आरसीबी की टीम आईपीएल 2009 के फाइनल तक पहुंची, लेकिन यहां डेक्कन चार्जर्स के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी। इसके बाद साल 2011 में उसे चेन्नई सुपर किंग्स ने खिताबी मैच में हराया। साल 2016 में एक बार फिर आरसीबी फाइनल तक पहुंची, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद ने यहां उसे मात दी। साल 2025 में पंजाब किंग्स को हराकर आरसीबी ने अपना पहला खिताब जीता।
--आईएएनएस
आरएसजी