नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)। भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है। वैभव ने आईपीएल 2026 के तीसरे मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलते हुए सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक लगाया। अश्विन का कहना है कि वैभव पर अधिक दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए और वह सही समय आने पर भारत के लिए खेलेंगे।
वैभव ने गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 17 गेंदों में 52 रनों की दमदार पारी खेली। वैभव ने अपनी इस पारी में 4 चौके और 5 छक्के लगाए। उन्होंने पहले विकेट के लिए यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर 6.2 ओवर में 75 रन जोड़े और मैच को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया। वैभव की शानदार पारी के बूते राजस्थान ने चेन्नई से मिले 128 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 12.1 ओवर में हासिल कर लिया।
अश्विन ने 15 साल के इस होनहार खिलाड़ी को संभालने में सब्र रखने की सलाह दी और उन्हें आगे बढ़ने में जल्दबाजी न करने की चेतावनी दी। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल 'एश की बात' पर कहा, "उन्हें ऐसा टारगेट मत दो। वह लड़का भी नहीं है, वह बच्चा है। अगर एमएस धोनी 45 की उम्र तक खेल रहे हैं और सूर्यवंशी 40 तक भी खेलते हैं, तो उनके पास क्रिकेट में ढाई दशक बाकी हैं। उन्हें अकेला छोड़ देने की जरूरत है, जब सही समय आएगा तो वह खुद ही आगे आ जाएंगे। वह भारत के लिए न खेलने के लिए बहुत अच्छे हैं। वह आखिरकार खेलेंगे ही। वह कब खेलेंगे? इसके लिए हमें थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। हम हमेशा जल्दी में क्यों रहते हैं?"
अश्विन ने आगे कहा, "वह 15 साल के हो गए हैं, तो उन्होंने 15 गेंदों में अर्धशतक लगाया। वह अपनी उम्र दिख रहे हैं (माजाकिया अंदाज में)। मेरा मतलब है कि वह क्या शानदार खिलाड़ी हैं। उनके बल्ले की स्पीड कितनी तेज है। चेन्नई सुपर किंग्स के पास वैभव की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का कोई जवाब नहीं था। राजस्थान का मैच में पूरी तरह से दबदबा रहा।" राजस्थान की आईपीएल 2026 में अगली भिड़ंत अब 4 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के साथ होगी।
--आईएएनएस
एसएम/पीएम