![]()
नई दिल्ली, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि मुंबई इंडियंस आईपीएल 2026 में पहचान के संकट से जूझ रही है। उन्हें टारगेट सेट करने और चेज करने, दोनों में निरंतरता लाने में मुश्किल हो रही है।
मुंबई की परेशानियां हाल ही में सनराइजर्स हैदराबाद से मिली हार में एक बार फिर सामने आईं, जहां बोर्ड पर 243/5 का मजबूत स्कोर बनाने के बावजूद, वे हार गए। हैदराबाद ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। पिछले मैच में लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम रही एमआई इस बार लक्ष्य की रक्षा नहीं कर सकी। यह टीम की कमजोरियों को उजागर करता है।
चोपड़ा ने जियोस्टार पर कहा कि इस तरह की अलग-अलग नाकामियों ने टीम को अपनी पसंदीदा रणनीति के बारे में अनिश्चित बना दिया है, खासकर इसलिए क्योंकि उनकी बल्लेबाजी इकाई लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही है।
आकाश ने कहा, "उनके साथ थोड़ा पहचान का संकट है। पिछले मैच में वह 200 से ऊपर का लक्ष्य हासिल नहीं कर सके थे और 120 से कम रन पर आउट हो गए थे। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि शायद हम चेज करने में अच्छे नहीं हैं, हमारी बैटिंग चल नहीं रही है। चलो पहले बल्लेबाजी करते हैं। फिर आप 243 रन बनाते हैं और जसप्रीत बुमराह की मौजूदगी के बावजूद 18.4 ओवर हार जाते हैं।"
आकाश ने कहा, "यह सोचा भी नहीं जा सकता कि जब आपके पास बुमराह जैसा जीनियस हो तो 240 के आस-पास का रन इतनी आसानी से चेज किया जा सकता है। मुझे नहीं पता कि उन्हें सच में पता है कि किस तरफ जाना है। क्या वे पहले स्कोर कर सकते हैं या चेज कर सकते हैं? वे दोनों ही तरह से लड़खड़ा गए हैं।"
गुरुवार की शाम को मुंबई इंडियंस अपने घरेलू मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 243 रन बनाने के बाद भी हार गई है। सनराइजर्स हैदराबाद ने 18.4 ओवर में 4 विकेट पर 249 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीत लिया।
--आईएएनएस
पीएके