जॉर्जिया वॉल ने खेली शतकीय पारी, ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने वेस्टइंडीज को 40 रनों से हराया

किंग्सटाउन, 24 मार्च (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने मंगलवार को अर्नोस वेले क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए बारिश से प्रभावित तीसरे टी20 मुकाबले में वेस्टइंडीज को 40 रनों से हराया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से जॉर्जिया वॉल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में 101 रनों की दमदार पारी खेली। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने टी20 सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया।

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बेथ मूनी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और 8 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुईं। लिचफील्ड भी 15 रन बनाने के बाद हेली मैथ्यूज का शिकार बनीं। टीम की स्टार बल्लेबाज एलिसा पेरी अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सकीं और 15 गेंदों में 18 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।

ताहिला मैक्ग्रा 2 रन ही बना सकीं। हालांकि, जॉर्जिया वॉल एक छोर संभालकर खड़ी रहीं और उन्होंने 53 गेंदों में 101 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी इस इनिंग में वॉल ने 9 चौके और 6 छक्के लगाए। वहीं, अंतिम ओवरों में निकोला केरी ने 20 गेंदों में 24 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि सोफी मोलिनक्स ने 12 गेंदों में 25 रन बनाए, जिसके बूते ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 211 रन स्कोरबोर्ड पर लगाने में सफल रही।

212 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। कियाना जोसेफ बिना खाता खोले पवेलियन लौटीं। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए हेली मैथ्यूज और एबोनी ब्रैथवे ने 30 रन जोड़े। एबोनी 17 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुईं। जैनिलिया ग्लासगो को सिर्फ एक रन के स्कोर पर एलिसा पेरी ने पवेलियन भेजा।

10 ओवर के बाद वेस्टइंडीज ने 3 विकेट खोकर 61 रन बना लिए थे, लेकिन तभी तेज बारिश शुरू हो गई। मैच को दोबारा शुरू करने के लिए काफी इंतजार किया गया, लेकिन तेज बारिश के कारण मुकाबला शुरू नहीं हो सका। अंत में डकवर्थ लुईस नियम के तहत ऑस्ट्रेलिया को 40 रनों से विजेता घोषित कर दिया गया। ऑस्ट्रेलिया ने इससे पहले दूसरे टी20 को 17 रनों से अपने नाम किया था। वहीं, पहले टी20 में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 43 रनों से हराया था।

--आईएएनएस

एसएम/एएस

Related posts

Loading...

More from author

Loading...