![]()
नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ होने वाली तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज के लिए पाकिस्तान की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान हो गया है। अनकैप्ड गेंदबाज अंबर कैनात को पहली बार टीम में शामिल किया गया है।
पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे के बीच तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज का आगाज 12 मई से होना है। वहीं, सीरीज का दूसरा मुकाबला 14 और अंतिम मैच 15 मई को खेला जाएगा। तीनों ही मुकाबलों की मेजबानी कराची का नेशनल स्टेडियम करेगा। इस सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम की कमान फातिमा सना के हाथों में सौंपी गई है। सायरा जबीन भी टीम में अपनी जगह बनाने में सफल रही हैं। वह फरवरी में साउथ अफ्रीका दौरे पर गई टीम का हिस्सा रही थीं।
अंबर को हाल ही में खत्म हुए नेशनल विमेंस टी20 टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में खेले 8 मुकाबलों में 11 विकेट निकाले थे। अंबर अपने इंटरनेशनल करियर की पहली सीरीज में मौका मिलने पर शानदार प्रदर्शन से छाप छोड़ना चाहेंगी। यह टीम काफी हद तक साउथ अफ्रीका का दौरा करने वाली टीम जैसी ही है। हालांकि, सिदरा अमीन को इस सीरीज के लिए मुख्य टीम में जगह नहीं दी गई है।
अमीन इस सीरीज के लिए चुनी गईं पांच रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल हैं। तेज गेंदबाज डायना बेग को भी रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर रखा गया है। ऑफ-स्पिनर रमीन शमीम चोट के कारण साउथ अफ्रीका दौरे से बाहर होने के बाद टीम में वापस आ गई हैं। साउथ अफ्रीका दौरे पर शमीम की जगह लेने वाली उम्म-ए-हानी और हुमना बिलाल को बाहर कर दिया गया है।
जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए चुनी गई पाकिस्तान की 15 सदस्यीय टीम: फातिमा सना (कप्तान), अंबर कैनात, आलिया रियाज, आयशा जफर, आयमान फातिमा, गुल फिरोजा, इरम जावेद, मुनीबा अली, नशरा सुंधू, नतालिया परवेज, रमीन शमीम, सादिया इकबाल, सायरा जबीन, तस्मिया रुबाब और तूबा हसन।
रिजर्व खिलाड़ी: डायना बेग, मोमिना रियासत, सदफ शमास, सिदरा अमीन और सैयदा अरूब शाह।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी