फुटबॉल प्रीमियर लीग: टॉटेनहम हॉटस्पर और लीड्स यूनाइटेड के बीच मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा

लंदन, 12 मई (आईएएनएस)। फुटबॉल प्रीमियर लीग में टॉटेनहम हॉटस्पर और लीड्स यूनाइटेड के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। इस ड्रॉ के साथ ही टॉटेनहम 38 अंकों के साथ 17वें नंबर पर आ गया है। वहीं, लीड्स यूनाइटेड 14वें स्थान पर है।

प्रीमियर लीग की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांसीसी फुटबॉलर मैथिस टेल पहले मुकाबले में हीरो बने, लेकिन उन्होंने अपनी गलती से टीम के लिए परेशानी भी खड़ी कर दी। टेल ने मैच के 50वें मिनट में पहला गोल दागा और टॉटेनहम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, इसके कुछ देर बाद ही उन्होंने अपने ही बॉक्स में गेंद को खतरनाक तरीके से क्लियर करने का प्रयास किया और इसी कोशिश में उनका पैर एथन अमपाडू को लग गया। वीएआर जांच के बाद लीड्स यूनाइटेड को पेनल्टी मिल गई, जिसका पूरा फायदा इंग्लिश फुटबॉलर कैल्वर्ट लेविन ने उठाया। लेविन ने मैच के 74वें मिनट में हाथ आए मौके को भुनाया और स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया।

टॉटेनहम हॉटस्पर ने इसके बाद मुकाबले में वापसी करने का काफी प्रयास किया, लेकिन लीड्स यूनाइटेड की टीम ज्यादा हावी नजर आई। मैच के अंतिम पलों में गोलकीपर किंस्की ने सीन लॉन्गस्टाफ के जबरदस्त शॉट का बेहतरीन बचाव करते हुए टीम की हार को टाला। पहले हाफ के अंत में टॉटेनहम के पास बढ़त बनाने का चांस था। लीड्स के गोलकीपर कार्ल डार्लो ने गेंद को ज्यादा देर तक अपने पास रखा, जिसके कारण स्पर्स को फ्री-किक मिली।

हालांकि, रिचर्डसन और पेड्रो पोरो इस मौके का भी फायदा उठाने में नाकाम रहे। इसके बाद जोआओ पल्हिन्हा गोल करने के काफी करीब पहुंचे, लेकिन उनका शॉट क्रॉसबार के ऊपर से निकल गया। स्टॉपेज टाइम में सीन लॉन्गस्टाफ के पास गोल करने का एक सुनहरा मौका था, लेकिन गोलकीपर किंस्की ने एक बार फिर शानदार बचाव करते हुए लीड्स यूनाइटेड के मैच में बढ़त लेने के अरमानों पर पानी फेर दिया। लुकास नमेचा द्वारा टैकल किए जाने की वजह से गिरने के बाद जेम्स मैडिसन ने भी पेनल्टी की अपील की, लेकिन रेफरी ने उनकी इस अपील को खारिज कर दिया।

--आईएएनएस

एसएम/वीसी

Related posts

Loading...

More from author

Loading...