जकार्ता: भारतीय पुरुष हॉकी टीम को एशिया कप हॉकी चैंपियनशिप के दूसरे मैच में जापान ने 5-2 से हरा दिया। भारतीय टीम का पहला मुकाबला भी पाकिस्तान से ड्रॉ रहा था। ऐसे में इससे भारतीय टीम पर चैंपियनशिप से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है क्योंकि अगर वह अगले मैच में इंडोनेशिया को हरा भी देती है तो उसके लिए नॉकआउट चरण में पहुंचना आसान नहीं रहेगा। भारत के साथ मुकाबले में जापान की ओर से केन नागायोशी ने एक जबकि कोसी कावाबे ने दो गोल दागे। रयोमी ओका और कोजी यामासाकी ने एक-एक गोल किया। वहीं भारतीय टीम की ओर से पवन राजभर और उत्तम सिंह ने एक-एक गोल किया। भारतीय टीम का प्रदर्शन इस मैच में अच्छा नहीं रहा। टीम के दो अनुभवी खिलाड़ी कप्तान बीरेंद्र लाकड़ा और एसवी सुनील अपने नाम के अनुसार नहीं खेल पाये।
लाकड़ा ने कहा, ‘हम लय में नहीं थे इसलिए हमारे लिए पहले दो क्वार्टर कठिन रहे। भारतीय टीम ने हालांकि बाद के दोनों क्वार्टर में अच्छा प्रदर्शन किया पर अपने अवसरों का लाभ नहीं उठा पायी। पहले क्वार्टर में दोनो ही टीमों ने प्रयास किये पर वह गोल नहीं कर पायीं। वहीं दूसरे क्वार्टर में जापान के केन नागायोशी ने दूसरे पेनल्टी को गोल में बदलकर जापान की ओर से पहला गोल किया।
मैच के 40वें मिनट में जापान के कावाबे ने एक गोल दागा। तीसरे क्वार्टर के आखिरी क्षणों में लाकड़ा के एक मूव को राजभर ने गोल में बदला। अंतिम क्वार्टर में ओका ने एक गोल कर जापान की बढ़त को 3-1 कर दिया पर अगले ही मिनट में राजभर की मदद से उत्तम सिंह ने गोल कर इस अंतर को कम किया। मैच के 54वें मिनट में यामासाकी के गोल से जापान की बढ़त 4-2 पहुंच गई। इसके बाद 56 वें मिनट में कवाबे ने एक और गोल कर अपनी टीम को जीत दिला दी।
