बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप: ध्रुव कपिला-तनिषा क्रास्टो की जोड़ी ने जीत के साथ की शुरुआत

निंगबो (चीन), 7 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत की शीर्ष मिक्स्ड डबल्स जोड़ी ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो ने बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के पहले दिन शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।

निंगबो ओलंपिक स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने थाईलैंड के फुवानत होरबानलुएकिट और बेन्यापा ऐमसार्ड को तीन गेम तक चले मुकाबले में हराया। उन्होंने पहला गेम 21-14 से जीता, हालांकि थाई जोड़ी ने वापसी करते हुए दूसरा गेम 21-11 से अपने नाम किया। निर्णायक गेम में ध्रुव और तनिषा ने 21-15 से जीत दर्ज कर मैच अपने नाम कर लिया।

अब अगले दौर (राउंड ऑफ 16) में उनका सामना मलेशिया की जोड़ी चेंग तांग जीए और तोह ई वीई से होगा, जिनके खिलाफ भारतीय जोड़ी का रिकॉर्ड 0-2 है।

मिक्स्ड डबल्स के अन्य मुकाबलों में अशिथ सूर्य और अमृता प्रमुथेश की जोड़ी को मलेशिया के वोंग तिएन सी और लिम चियू सिएन के खिलाफ 21-16, 21-15 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं रोहन कपूर और गड्डे रुथविका शिवानी की जोड़ी आठवीं वरीयता प्राप्त गोह सून हुआत और लाई शेवोन जेमी के खिलाफ 21-13, 21-19 से हारकर बाहर हो गई।

अब भारतीय स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन बुधवार से अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु महिला एकल के राउंड ऑफ 32 में मलेशिया की वोंग लिंग चिंग से भिड़ेंगी।

महिला एकल में उन्नति हुड्डा, मालविका बंसोड़ और तन्वी शर्मा भी मुख्य ड्रॉ में शामिल हैं और वे भी बुधवार से अपने मैच खेलेंगी।

पुरुष एकल में एच.एस. प्रणॉय वियतनाम के गुयेन हाई डांग के खिलाफ उतरेंगे, जबकि युवा खिलाड़ी आयुष शेट्टी का मुकाबला चीन के पांचवीं वरीयता प्राप्त ली शी फेंग से होगा।

इसके अलावा किदांबी श्रीकांत का सामना सिंगापुर के लोह कीन यू से होगा, जबकि पेरिस ओलंपिक सेमीफाइनलिस्ट लक्ष्य सेन हांगकांग के ली चुक यियू के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेंगे।

--आईएएनएस

डीएससी

Related posts

Loading...

More from author

Loading...