अलाना किंग की घातक गेंदबाजी, ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे वनडे में वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराया

बस्सेटेरे, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज दौरे की समाप्ति जीत के साथ की है। बस्सेटेरे में खेले गए तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराकर सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया की जीत में लेग स्पिनर अलाना किंग की करिश्माई गेंदबाजी की अहम भूमिका रही।

वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था जो गलत साबित हुआ। पूरी टीम 35.4 ओवर में 136 रन पर सिमट गई। वेस्टइंडीज को शुरुआत अच्छी मिली थी। कप्तान हेले मैथ्यूज और

डिएंड्रा डॉटिन ने पहले विकेट के लिए 38 रन जोड़े थे। डॉटिन 19 गेंदों पर 22 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरे।

कप्तान हेले मैथ्यूज के 48 गेंदों पर 34 रन, चेनली हेनरी ने 54 गेंदों पर नाबाद 42 रन और आर ग्रिमोंड के 20 रन की वजह से वेस्टइंडीज 136 के स्कोर तक पहुंच सकी।

ऑस्ट्रेलिया की तरफ से अलाना किंग ने बेहतरीन गेंदबाजी की। अलाना ने 10 ओवर में मात्र 19 रन देकर 5 विकेट लिए। एश्ले गार्डनर ने 2, लुसी हैमिल्टन, निकोला कैरी और ताहिलिया मैक्ग्राथ ने 1-1 विकेट लिए।

137 रन का लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया ने 19.4 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए जॉर्जिया वॉल और फोएबे लिचफील्ड ने पहले विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी की। वॉल 22 गेंदों पर 23 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद विकेट नहीं गिरा। लिचफील्ड और एलीसे पेरी ने 87 रन की नाबाद साझेदारी करते हुए टीम को 9 विकेट से जीत दिला दी।

लिचफील्ड 56 गेंदों पर 8 चौकों और 1 छक्के की मदद से 68 रन बनाकर नाबाद रहीं। पेरी 40 गेंदों पर 33 रन बनाकर नाबाद रहीं।

एकमात्र विकेट अश्मिनी मुनिसार को मिला।

अलाना किंग प्लेयर ऑफ द मैच रहीं, जबकि सीरीज में 191 रन बनाने वाली फोएबे लिचफील्ड को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।

--आईएएनएस

पीएके

Related posts

Loading...

More from author

Loading...