आयरलैंड 5 वनडे मैचों के लिए अफगानिस्तान की मेजबानी करेगा, नैतिक परेशानी के बावजूद लिया फैसला

नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। तालिबान सरकार द्वारा अफगानिस्तान में महिलाओं और लड़कियों के साथ हो रहे भेदभावपूर्ण व्यवहार के खिलाफ मुखर स्वर रखने के बावजूद क्रिकेट आयरलैंड ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के साथ द्विपक्षीय सीरीज की मेजबानी करने का फैसला किया है। आयरलैंड 5 से 14 अगस्त के बीच अफगानिस्तान के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज खेलेगा।

बोर्ड के मुख्य कार्यकारी सारा कीन ने कहा, "यह फैसला न तो वित्तीय कारणों से लिया गया है और न ही किसी कानूनी मजबूरी में, बल्कि इसे संगठन के व्यापक हित में लिया गया है।"

उन्होंने कहा, "हम इस निर्णय को लेकर अपनी नैतिक असहजता को स्वीकार करते हैं और हम सरकार द्वारा, विशेषकर महिलाओं के साथ किए जा रहे व्यवहार का विरोध करते हैं। लेकिन हम इसे अफगान महिला टीम की स्थिति को सामने लाने का अवसर भी मानते हैं।"

उन्होंने बताया कि आयरलैंड ने अफगानिस्तान की महिला टीम—जो इस समय देश से बाहर रह रही है—को भी आयरलैंड में खेलने का निमंत्रण दिया है। बोर्ड चाहता है कि महिला टीम का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय एजेंडे में बना रहे।

कीन ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेलों में एक व्यापक सिद्धांत उभर रहा है, जिसके तहत खिलाड़ियों को उनकी सरकारों से अलग करके देखा जाना चाहिए। उन्होंने इसका उदाहरण हाल के ओलंपिक रुख में बदलाव को बताया।

आयरलैंड और अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे 5 अगस्त को और दूसरा वनडे 7 अगस्त को ब्रेडी में खेला जाएगा। तीसरा, चौथा और पांचवां वनडे 10, 12 और 14 अगस्त को बेलफास्ट में खेला जाएगा।

इसके अलावा, आयरलैंड वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के साथ टी20 त्रिकोणीय सीरीज (28 मई-4 जून तक) खेलेगा। आयरलैंड ने 2027 से पहले पाकिस्तान दौरे की भी योजना बनाई है, जिसमें एक टेस्ट मैच शामिल होगा। ये तैयारियां 50 ओवर वर्ल्ड कप और ओलंपिक क्वालिफिकेशन को ध्यान में रखकर की जा रही हैं।

--आईएएनएस

पीएके

Related posts

Loading...

More from author

Loading...