आरसीबी को 'डिफेंडिंग चैंपियंस' कहलाने में 18 साल लगे, विराट को देखना होगा खास: मोहम्मद कैफ

बेंगलुरु, 28 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (आईपीएल 2026) की शुरुआत शनिवार से हो रही है। पहला मुकाबला पिछले सीजन की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना है। चिन्नास्वामी स्टेडियम आरसीबी का होम ग्राउंड है और उद्घाटन मुकाबले में मेजबान टीम फेवरेट मानी जा रही है।

पूर्व भारतीय खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने आरसीबी और एसआरएच के बीच होने वाले मैच से पहले आरसीबी और टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की जमकर प्रशंसा की है।

मोहम्मद कैफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आरसीबी और विराट कोहली को 'डिफेंडिंग चैंपियंस' कहलाने का गौरव हासिल करने में 18 साल लग गए। इस सीजन का एक खास आकर्षण यह देखना होगा कि विराट, जो इस समय जबरदस्त फॉर्म में हैं, और ज्यादा कामयाबी के लिए कितने बेताब हैं। आरसीबी और विराट—क्या शानदार कहानी है। उन्होंने कभी हार नहीं मानी। वे लगातार कोशिश करते रहे। जिंदगी एक मैराथन है—सब्र रखो, दौड़ते रहो, तुम अपने लक्ष्य तक जरूर पहुंचोगे।"

आरसीबी आईपीएल की शुरुआत से ही लीग की सबसे लोकप्रिय टीमों में से एक रही है, लेकिन शुरुआती 17 सीजन में टीम की झोली में एक भी खिताब नहीं था। आईपीएल 2025 (18वें सीजन) में आरसीबी नए कप्तान रजत पाटीदार के नेतृत्व में उतरी थी, और टीम ने पिछले 17 सीजन की असफलताओं को भूलाते हुए बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और पंजाब किंग्स को फाइनल में हराते हुए अपना पहला खिताब जीता।

आरसीबी की खिताबी जीत में विराट कोहली की भी अहम भूमिका रही थी। विराट ने पिछले सीजन (आईपीएल 2025) में 15 मैचों में 657 रन बनाए थे। टी20 और टेस्ट से संन्यास के बाद विराट कोहली वनडे फॉर्मेट में प्रचंड फॉर्म में दिखे हैं और उसका असर आईपीएल 2026 में भी दिखना तय है। अगर आरसीबी अपना खिताब डिफेंड करती है या उसके करीब भी पहुंचती है, तो इसमें विराट की भूमिका निश्चित रूप से अहम होगी।

--आईएएनएस

पीएके

Related posts

Loading...

More from author

Loading...