आईपीएल 2026: समीर रिजवी ने खेली धमाकेदार पारी, करुण नायर को खास मामले में पीछे छोड़ा

आईपीएल 2026: समीर रिजवी ने खेली धमाकेदार पारी, करुण नायर को खास मामले में पीछे छोड़ा

नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 8वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने शनिवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस (एमआई) को 6 विकेट से हराया। डीसी की इस जीत के नायक समीर रिजवी रहे। समीर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 90 रनों की दमदार पारी खेली।

समीर रिजवी को दिल्ली कैपिटल्स ने इस मुकाबले में बतौर इम्पैक्ट खिलाड़ी बल्लेबाजी के लिए उतारा था। समीर ने 90 रनों की अपनी पारी में 176 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 7 चौके और 7 छक्के लगाए। वह इम्पैक्ट खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल में तीसरी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने करुण नायर का रिकॉर्ड तोड़ा। करुण ने 2025 में बतौर इम्पैक्ट खिलाड़ी मुंबई इंडियंस के खिलाफ 89 रनों की शानदार पारी खेली थी।

आईपीएल में बतौर इम्पैक्ट खिलाड़ी सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड साई सुदर्शन के नाम दर्ज है। उन्होंने 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 108 रनों की नाबाद पारी खेली थी। वहीं, इस जोस बटलर इम्पैक्ट खिलाड़ी के तौर पर दूसरी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज रहे हैं। बटलर ने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 107 रनों की नाबाद पारी खेली थी।

मुंबई इंडियंस से मिले 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। केएल राहुल सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए। वहीं, नीतीश राणा बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। 7 के स्कोर पर 2 विकेट खोकर मुश्किल में नजर आ रही दिल्ली कैपिटल्स की पारी को पाथुम निसांका और समीर रिजवी ने संभाला।

दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 66 रनों की अहम साझेदारी निभाई। निसांका 30 गेंदों में 44 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, समीर एक छोर संभालकर खड़े रहे और उन्होंने एमआई को मुकाबले में वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। डेविड मिलर 18 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहे, तो ट्रिस्टन स्टब्स 3 रन बनाकर नॉटआउट रहे। आईपीएल 2026 में डीसी की यह लगातार दूसरी जीत है। इस जीत के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गई है।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम

Related posts

Loading...

More from author

Loading...