आईएफएल 2025-26: 1-1 से ड्रॉ रहा नामधारी एफसी और डेम्पो के बीच खेला गया मुकाबला

मार्गाओ (गोवा), 2 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 में गुरुवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में नामधारी एफसी और डेम्पो एससी के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। नामधारी एफसी के डिफेंस ने मुकाबले में जबरदस्त प्रदर्शन किया।

मैच की शुरुआत में डेम्पो एससी ने शानदार खेल दिखाया और सिर्फ 9वें मिनट में बढ़त हासिल कर ली। टीम के कप्तान मार्कस जोसेफ ने पेनल्टी को गोल में बदलकर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। यह पेनल्टी तब मिली जब नामधारी के एक डिफेंडर ने बॉक्स के अंदर फाउल कर दिया। इसके बाद डेम्पो की टीम ने लगातार आक्रामक खेल दिखाया और दूसरा गोल करने के कई प्रयास किए। हालांकि, नामधारी के गोलकीपर नीरज कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई बेहतरीन बचाव किए और टीम को मुकाबले में पिछड़ने नहीं दिया।

लगातार दबाव झेलने के बावजूद नामधारी ने हिम्मत नहीं हारी। 31वें मिनट में विद्यासागर सिंह ने शानदार गोल करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। डेम्पो की डिफेंस में हुई एक गलती का फायदा उठाकर उन्होंने गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया और स्कोर को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद पहले हाफ में कोई और गोल नहीं हो सका और स्कोर 1-1 से बराबर रहा।

दूसरे हाफ में डेम्पो ने फिर से आक्रामक खेल दिखाया और कई मौके बनाए। रिचमंड क्वासी ओवुसू गोल करने के करीब भी पहुंचे, लेकिन या तो शॉट बाहर चला गया या फिर गोलकीपर नीरज कुमार ने बेहतरीन बचाव कर लिया। खासकर मैच के आखिरी मिनटों में नीरज ने कुछ शानदार बचाव किए, जिसके बूते नामधारी की टीम हार को टालने में सफल रही।

नामधारी की टीम ने मजबूत डिफेंस के साथ खेलते हुए डेम्पो के जीत के अरमानों को पूरा नहीं होने दिया और मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ। इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए विद्यासागर सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। इस ड्रॉ के बाद डेम्पो एससी के 3 अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में 9वें स्थान पर है। वहीं, नामधारी एफसी की टीम के 6 अंक हो गए हैं और वह 7वें स्थान पर पहुंच गई है।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Related posts

Loading...

More from author

Loading...