टाइम मैगजीन ने 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की लिस्ट जारी की; सुंदर पिचाई, रणबीर कपूर और विकास खन्ना शामिल

नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। टाइम मैगजीन ने 2026 के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की लिस्ट को जारी कर दिया है। इसमें गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई, बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर और सेलिब्रिटी शेफ विकास खन्ना को शामिल किया है।

मैगजीन ने अपनी ताजा सूची में विभिन्न क्षेत्रों के उन व्यक्तियों को शामलि किया है जिनका काम इनोवेशन, क्रिएटिविटी, लीडरशीप और सामाजिक प्रभाव के माध्यम से ग्लोबल नैरेटिव को प्रभावित कर रहा है।

लिस्ट में सुंदर पिचाई को गूगल इकोसिस्ट में उनकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) में लीडरशीप के लिए जगह दी गई है।

उनकी लीडरशीप में, एआई टूल्स को सर्च, एंड्रॉइड और क्रोम जैसे उत्पादों में एकीकृत किया गया है, और कंपनी बढ़ती वैश्विक प्रतिस्पर्धा के बीच अपने जेमिनी प्लेटफॉर्म के माध्यम से इस क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत कर रही है।

टाइम मैगजीन में प्रकाशित पिचाई की प्रोफाइल लिखने वाले एआई एक्सपर्ट एंड्रयू एनजी ने कहा कि ऐसे युग में जहां एआई ज्ञान और कार्य को नया आकार दे रही है, उनका प्रभाव इस बात में निहित है, कि इसका कितना व्यापक रूप से उपयोग किया जाता है।

वहीं, 'आर्टिस्ट' लिस्ट में रणवीर कपूर को उनकी विशिष्ट अभिनय शैली और सहज प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया, जिसने भारतीय सिनेमा में दर्शकों की अपेक्षाओं को नया रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उनके कार्यों ने भारतीय कहानी कहने की कला को व्यापक वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने में भी योगदान दिया है।

इसके अलावा, शेफ विकास खन्ना को उनकी कुकिंग में उत्कृष्टता के साथ-साथ मानवीय और सांस्कृतिक योगदान के लिए भी सम्मानित किया गया।

टाइम मैगजीन में कहा गया कि उनके काम की सराहना इस बात के लिए की जाती है कि उन्होंने भोजन को संस्कृतियों के बीच एक सेतु के रूप में इस्तेमाल किया और भारतीय परंपराओं को विश्व स्तर पर प्रदर्शित किया।

खन्ना की प्रोफाइल लिखने वाले शेफ एरिक रिपर्ट ने कहा कि खन्ना का प्रभाव केवल सफलता में ही नहीं, बल्कि "दूसरों को प्रेरित करने और उनसे जुड़ने" में भी निहित है। उन्होंने आगे कहा कि अपने रेस्टोरेंट बंगलो के माध्यम से खन्ना ने एक ऐसा स्थान बनाया है जहां भोजन स्मृति और विरासत से जुड़ी कहानियों का माध्यम बन जाता है।

इसके अलावा लिस्ट में शामिल व्यक्तियों में यूट्यूब के सीईओ नील मोहन, न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी, पोप लियो एक्सआईवी, आर्टेमिस II मिशन के कमांडर रीड विजमैन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू शामिल हैं।

इस सूची में प्रमुख एशियाई नेता भी शामिल हैं, जिनमें जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची और नेपाल के युवा प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह शामिल हैं।

वार्षिक 'टाइम100' लिस्ट राजनीति, प्रौद्योगिकी, मनोरंजन, व्यापार और संस्कृति के क्षेत्र में उन वैश्विक हस्तियों को सम्मानित करती है जो चर्चाओं को आकार दे रहे हैं और दुनिया भर में बदलाव ला रहे हैं।

--आईएएनएस

एबीएस/

Related posts

Loading...

More from author

Loading...