झीलों-नदियों से पहाड़ों तक, ऐसे लिखें पृथ्वी की खूबसूरती पर अपना नाम, नासा के मजेदार लैंडसेट सर्विस के लिए फॉलो करें ये स्टेप

नई दिल्ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा की पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक रोचक और अनोखी शुरू की गई सर्विस की लोकप्रियता बढ़ती जा रही है। अब आप अपनी पसंद का नाम लैंडसेट उपग्रह की तस्वीरों में पृथ्वी की प्राकृतिक आकृतियों जैसे झीलें, नदियों, रेगिस्तान और पहाड़ों पर देख सकते हैं।

नासा की यह सर्विस 'योर नेम इन लैंडसेट' नाम से शुरू की गई है। इसमें यूजर्स अपना नाम अंग्रेजी अक्षरों में टाइप करते हैं और सिस्टम अपने आप नाम के हर अक्षर को लैंडसेट सैटेलाइट द्वारा ली गई असली धरती की तस्वीरों से मिलाकर एक सुंदर ग्राफिक बना देता है। लैंडसेट कार्यक्रम 50 वर्ष से अधिक पुराना है और यह पृथ्वी की निगरानी के लिए सबसे लंबे समय से चल रहे उपग्रह कार्यक्रमों में से एक है। इन तस्वीरों में इस्तेमाल की गई छवियां नासा अर्थ ऑब्जर्वेटरी, नासा वर्ल्ड व्यू, यूएसजीएस अर्थ एक्सप्लोरर और ईएए सेंटीनल हब से ली गई हैं।

यह इंटरैक्टिव टूल न सिर्फ मनोरंजन के लिए है, बल्कि लोगों को लैंडसेट कार्यक्रम और पृथ्वी के बारे में जागरूक करने का भी एक अच्छा माध्यम है। हर अक्षर के लिए अलग-अलग प्राकृतिक पैटर्न का इस्तेमाल किया गया है, जो पृथ्वी की विविधता को दिखाता है।नासा का कहना है कि यह सेवा पृथ्वी की सुंदरता को आम लोगों तक पहुंचाने और उन्हें सैटेलाइट इमेजरी से जोड़ने का एक रचनात्मक प्रयास भी है।

अब सवाल है कि अपना नाम लैंडसेट पर कैसे देखें? तो इसके लिए नासा की ऑफिशियल वेबसाइट पर चरणबद्ध तरीके से जानकारी दी गई है। इसके लिए सबसे पहले नासा की आधिकारिक वेबसाइट पर 'योर नेम इन लैंडसेट' पेज पर जाएं। वहां अपना नाम दर्ज करें, वहां दिए गए टेक्स्ट बॉक्स में अपना नाम अंग्रेजी कैपिटल अक्षरों (ए-जेड) में टाइप करें।

इसके बाद एंटर बटन दबाएं या सब्मिट पर क्लिक कर जनरेट करें। इसके कुछ ही सेकंड में आपके नाम के अक्षर पृथ्वी की खूबसूरत भौगोलिक विशेषताओं जैसे नीली झीलें, हरे-भरे क्षेत्र, रेगिस्तानी पैटर्न या बर्फ से ढके पहाड़ से बने हुए दिखाई देंगे। इसके बाद बनी हुई इस खास कलाकृति को डाउनलोड करके सेव या शेयर भी कर सकते हैं।

--आईएएनएस

एमटी/पीएम

Related posts

Loading...

More from author

Loading...