हरिद्वार: निगम की दो सीटों के लिए भाजपा कांग्रेस आमने सामने

कांग्रेस के प्रत्याशी फाइनल, भाजपा हाईकमान को भेज रही पैनल
हरिद्वार: निगम की दो सीटों के लिए भाजपा कांग्रेस आमने सामने

कुमार दुष्यंत


हरिद्वार (दैनिक हाक): हरिद्वार नगर निगम की दो रिक्त सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया कल से आरंभ हो रही है। एक निर्दलीय व एक कांग्रेसी पार्षद के निधन से खाली हुई दो सीटों के लिए भाजपा, कांग्रेस पूरा जोर लगा रही हैं।

60 सदस्यीय नगरनिगम बोर्ड में वर्तमान में कांग्रेस के 17 और भाजपा के 41 पार्षद हैं। कोरोना काल में कोविड का शिकार होने से वार्ड 09 ब्रह्मपुरी से कांग्रेसी पार्षद रामकिशन कोरी व हरिलोक वार्ड 60 से निर्दलीय पार्षद अर्जुनसिंह चौहान का निधन हो जाने से ये सीटें रिक्त हो गई थी। जिसके लिए जिला निर्वाचन विभाग ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। जिसके अनुसार 26-27 मई को नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 28 तारीख को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 30 को नाम वापसी व सिंबल आवंटित होंगे। 12 जून को मतदान होगा व 30 को परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

इन दोनों सीटों को हासिल करने के लिए कांग्रेस और भाजपा पूरा जोर लगा रही हैं। कांग्रेस ने दोनों सीटों पर प्रत्याशी लगभग फाइनल कर लिए हैं। ब्रह्मपुरी वार्ड से पूर्व पार्षद रामकिशन की पत्नी लीलादेवी को ही पार्टी मैदान में उतार रही है। लीला देवी पहले इसी वार्ड से बसपा से पार्षद रह चुकी हैं। हरिलोक वार्ड से युवा गौरव चौहान पर पार्टी दांव लगा रही है। भाजपा में अभी प्रत्याशी फाइनल नहीं हुए हैं। जिला महामंत्री विकास तिवारी ने बताया कि करीब आठ नामों पर विचार चल रहा है। पैनल बनाकर प्रदेश को भेजा जा रहा है। वहां से जिन नामों पर मुहर लगेगी उन्हें चुनाव लड़वाया जाएगा। तिवारी ने दावा किया कि शहरवासी मेयर से निराश हैं। इसलिए इन दोनों सीटों पर भाजपा की जीत तय है। उधर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल का कहना है कि ब्रह्मपुरी में रामकिशन लोकप्रिय रहे हैं। इसलिए इस सीट पर कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है। जबकि हरिलोक में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है और पहले प्रत्याशी तय कर हमनें चुनाव में भी बढ़त बना ली है।

Related posts

Loading...

More from author

Loading...