वांग यी ने पाक पाक विदेश मंत्री इशाक डार से फोन पर बात की

बीजिंग, 28 मार्च (आईएएनएस)। चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के केंद्रीय पोलित ब्यूरो के सदस्य, विदेश मंत्री वांग यी ने 27 मार्च को पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार से फोन पर बात की।

इस दौरान इशाक डार ने ईरान की ताज़ा स्थिति और पाकिस्तान के रुख से अवगत कराया और पाकिस्तान के मध्यस्थता प्रयासों में चीन के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युद्धविराम, युद्ध की समाप्ति और शांति की बहाली विभिन्न पक्षों की साझा आकांक्षाएं हैं। शांति वार्ता को फिर से शुरू करने का यह एक महत्वपूर्ण क्षण है।

अंतरराष्ट्रीय समुदाय को अमेरिका और ईरान को बातचीत की मेज पर लौटने और शांति प्राप्त करने का एक प्रभावी तरीका खोजने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। इस मुद्दे पर पाकिस्तान और चीन के लक्ष्य और रुख एक जैसे हैं। पाकिस्तान चीन के साथ शांति को बढ़ावा देने और युद्ध की समाप्ति में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए उत्सुक है।

वांग यी ने चीन का सैद्धांतिक रुख दोहराया और कहा कि चीन और पाकिस्तान एक-दूसरे का समर्थन करने और भरोसा करने वाले रणनीतिक साझेदार हैं। चीन और पाकिस्तान दोनों ही इस संघर्ष पर वस्तुनिष्ठ और निष्पक्ष रुख अपनाते हैं, और उनके समग्र विचार सुसंगत हैं। चीन, पाकिस्तान द्वारा स्थिति को शांत करने के लिए किए जा रहे अथक प्रयासों की सराहना करता है और मध्यस्थ के रूप में अपनी भूमिका निभाते रहने में पाकिस्तान का समर्थन करता है।

शांति वार्ता शुरू करना कोई आसान काम नहीं है, लेकिन केवल वार्ता के माध्यम से ही हम और अधिक हताहतों और नुकसानों से बच सकते हैं, युद्ध को फैलने और बढ़ने से रोक सकते हैं और होर्मुज स्ट्रेट में सामान्य नौवहन को बहाल करने में मदद कर सकते हैं। चीन पाकिस्तान के साथ रणनीतिक संचार और समन्वय को मजबूत करने, शांति को बढ़ावा देने और युद्ध को रोकने के प्रयास करने और क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए संयुक्त रूप से प्रतिबद्ध होने को तैयार है।

(साभार---चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

डीएससी

Related posts

Loading...

More from author

Loading...