ट्रंप और शी जिनपिंग की बैठक में उत्तर कोरिया, ताइवान और व्यापार पर हुई चर्चा

बीजिंग, 15 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने बीजिंग में इस हफ्ते हुई अपनी बैठक के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ उत्तर कोरिया के मुद्दे पर चर्चा की। ट्रंप ने यह भी कहा कि वह उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन के साथ फिर से बातचीत शुरू करना चाहते हैं।

रॉयटर्स और योनहाप समाचार एजेंसी के मुताबिक, ट्रंप ने यह बातें एयर फोर्स वन विमान में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। वह बीजिंग की तीन दिन की यात्रा के बाद वाशिंगटन लौट रहे थे।

अभी यह साफ नहीं है कि उन्होंने और शी ने नॉर्थ कोरिया के बारे में असल में क्या चर्चा की, लेकिन बीजिंग शिखर सम्मेलन से पहले यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि ट्रंप चीन से मदद मांग सकते हैं, ताकि उत्तर कोरिया के साथ कूटनीतिक बातचीत फिर से शुरू हो सके।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि उन्होंने शी जिनपिंग के साथ ताइवान के मुद्दे पर भी काफी बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि इस मुद्दे पर कोई टकराव है। चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है, जबकि ताइवान खुद को एक स्वतंत्र लोकतांत्रिक देश के रूप में चलाता है।

ईरान के मुद्दे पर ट्रंप ने कहा कि वह इस बात के लिए तैयार हैं कि ईरान अपना परमाणु कार्यक्रम 20 साल के लिए रोक दे, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि तेहरान की तरफ से असली कमिटमेंट होना चाहिए।

पिछले महीने ट्रंप ने कहा था कि इस पर कोई 20 साल की सीमा नहीं होनी चाहिए और ईरान को परमाणु हथियार रखने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

इसके अलावा, उन्होंने कहा कि उन्होंने बातचीत के दौरान उन चीनी तेल कंपनियों पर भी चर्चा की जो ईरानी तेल खरीदने के कारण प्रतिबंधों में हैं। ट्रंप ने कहा कि वह अगले कुछ दिनों में तय करेंगे कि इन प्रतिबंधों को हटाया जाए या नहीं।

आर्थिक मोर्चे पर ट्रंप ने बताया कि चीन ने 200 बोइंग विमान खरीदने पर सहमति जताई है और आगे चलकर यह संख्या 750 तक भी जा सकती है।

शुक्रवार को ट्रंप ने बीजिंग की अपनी यात्रा पूरी की। यह 2017 के बाद किसी भी अमेरिकी राष्ट्रपति की पहली चीन यात्रा थी।

गुरुवार की बैठक के दौरान ट्रंप ने शी जिनपिंग और चीन की प्रथम महिला पेंग लियुआन को 24 सितंबर को वॉशिंगटन व्हाइट हाउस आने का न्योता भी दिया।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम

Related posts

Loading...

More from author

Loading...