सोमालिया में सैन्य कार्रवाई में अल-शबाब के 50 लड़ाके ढेर, कई घायल

मोगादिशु, 15 मई (आईएएनएस)। सोमालिया की राष्ट्रीय सेना (एसएनए) ने शुक्रवार को कहा कि साउथवेस्ट स्टेट के बैदोआ शहर के बाहरी इलाके में चलाए गए एक संयुक्त सैन्य अभियान में अल-शबाब के 50 लड़ाके मारे गए और कई अन्य घायल हुए।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, गुरुवार को हुए इस ऑपरेशन में सेना ने मिलिटेंट के कई तकनीकी लड़ाकू वाहन, हथियारों के ठिकाने और उनके इस्तेमाल का अन्य सामान भी नष्ट कर दिया।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, मंत्रालय ने यह भी आरोप लगाया कि साउथवेस्ट स्टेट के पूर्व नेता अब्दियाजीज हसन मोहम्मद के समर्थक हथियारबंद मिलिशिया सीधे तौर पर अल-शबाब के साथ मिले हुए थे। हालांकि, मोहम्मद ने इन आरोपों से इनकार किया है।

मंत्रालय ने बयान में कहा क‍ि सरकार किसी भी व्यक्ति या समूह को राजनीतिक मकसद से हथियार या मिलिशिया का इस्तेमाल कर राष्ट्रीय सुरक्षा को कमजोर करने की इजाजत नहीं देगी। जो भी लोग आतंकियों की मदद करेंगे या छिपने की जगह देंगे, उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होगी।

पिछले महीने भी सोमाली सेना ने अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों की मदद से देश के दक्षिणी इलाके में चलाए गए अभियान में अल-शबाब के 22 आतंकियों को मार गिराया था, जिनमें एक कमांडर भी शामिल था।

रक्षा मंत्रालय ने 29 अप्रैल को बताया था कि लोअर शबेले क्षेत्र के बुउलो कैबडाला इलाके में जमीनी कार्रवाई और हवाई हमलों के जरिए यह ऑपरेशन किया गया।

मारे गए लोगों में कमांडर कैबडिरैक्समान जीरी भी शामिल था, जो स्थानीय लोगों में डर फैलाने के लिए बदनाम था।

मंत्रालय ने बयान में कहा क‍ि शांति और स्थिरता लाने के लिए चलाए जा रहे अभियानों में लगातार सहयोग देने पर हम अपने अंतरराष्ट्रीय साझेदारों का धन्यवाद करते हैं।

मंत्रालय ने यह भी कहा कि अल-शबाब आतंकियों को खत्म कर देश में स्थिरता बनाए रखने की बड़ी रणनीति के तहत ऐसे अभियान आगे भी तेज किए जाएंगे।

अल-शबाब को 2011 में राजधानी मोगादिशु से बाहर खदेड़ दिया गया था, लेकिन इसके लड़ाके अब भी ग्रामीण इलाकों में छिपे हुए हैं और वहां घात लगाकर हमले करने व बारूदी सुरंगें लगाने जैसी गतिविधियां करते रहते हैं।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम

Related posts

Loading...

More from author

Loading...