माली में सेना की बड़ी कार्रवाई, एयर स्ट्राइक में 100 से ज्यादा आतंकी ढेर

बमाको, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। माली की सेना ने कहा है कि उसने पश्चिमी इलाके कूलिकोरो में 100 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया है। यह जानकारी रविवार को जारी एक बयान में दी गई।

सेना के जनरल स्टाफ के मुताबिक, शनिवार को हुए आतंकी हमलों के बाद तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान सेना के एयर सिस्टम ने कोलोकानी इलाके के पश्चिम में एक ठिकाने की ओर बढ़ रहे मोटरसाइकिलों के काफिले को देखा।

इसके बाद एयर स्ट्राइक की गई, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए और उनका सामान भी नष्ट कर दिया गया। यह जानकारी स‍िन्हुआ न्यूज एजेंसी ने दी। सेना ने यह भी कहा कि देशभर में आतंकियों का पीछा जारी रहेगा।

शनिवार को जारी एक बयान में सरकार ने बताया था कि राजधानी बमाको के पास स्थित गैरीसन टाउन काटी समेत कई सैन्य ठिकानों और इलाकों पर आतंकी हमले हुए।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, माली के रक्षा मंत्री सादियो कामारा की काटी में उनके घर पर हुए हमले में मौत हो गई। इस हमले में उनकी दूसरी पत्नी भी मारी गईं।

सूत्रों ने बताया कि शनिवार को आतंकियों ने देश के कई शहरों में एक साथ हमले किए, जिसमें 16 लोग घायल हो गए। सरकार ने शनिवार शाम को कहा कि हमले काटी, सेवारे, गाओ, किदाल और राजधानी बमाको समेत कई जगहों पर हुए।

घायलों में आम नागरिक और सेना के लोग शामिल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सरकार ने कहा कि नुकसान ज्यादा नहीं हुआ है। माली में भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीयों से सतर्क रहने की अपील की है।

दूतावास ने कहा है कि हाल के हमलों को देखते हुए लोग सावधान रहें, घर के अंदर रहें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। दूतावास ने यह भी कहा कि वह माली सरकार के साथ मिलकर स्थिति पर नजर रख रहा है और जरूरत पड़ने पर आगे जानकारी दी जाएगी।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम

Related posts

Loading...

More from author

Loading...