कृषि उत्पादन कार्य पर चीनी उप प्रधानमंत्री के निर्देश

बीजिंग, 21 मार्च (आईएएनएस)। चीन में वसंत ऋतु से जुड़ा कृषि उत्पादन कार्य सम्मेलन 20 मार्च को हनान प्रांत के चोखो शहर में आयोजित किया गया। चीनी प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने हाल में महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि यह वर्ष 15वीं पंचवर्षीय योजना का पहला वर्ष है, इसलिए कृषि, ग्रामीण क्षेत्रों और किसानों से जुड़े कार्यों को बेहतर ढंग से आगे बढ़ाना तथा पूरे वर्ष अनाज और कृषि फसलों का उत्पादन सुनिश्चित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों के सरकारी विभागों को प्रमुख कृषि उत्पादों की स्थिर और सुरक्षित आपूर्ति बनाए रखनी होगी, ताकि 15वीं पंचवर्षीय योजना के लिए मजबूत आधार तैयार किया जा सके।

कार्य सम्मेलन में चीनी उप प्रधानमंत्री ल्यो क्वोचोंग ने संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि कृषि उत्पादन से जुड़े कार्यों को पूरी निष्ठा और परिश्रम के साथ संपन्न करना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी सहायक नीतियों को प्रभावी रूप से लागू करते हुए अनाज की बुवाई के क्षेत्र को स्थिर रखना आवश्यक है, साथ ही कृषि आपूर्ति की स्थिरता को और सुदृढ़ करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण पुनरुत्थान को आगे बढ़ाते समय किसान श्रमिकों के रोजगार को स्थिर बनाए रखना भी एक महत्वपूर्ण दायित्व है।

बताया जाता है कि इस कार्य सम्मेलन से पहले ल्यो क्वोचोंग ने हनान प्रांत के श्यूछांग और चोखो शहर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शीतकालीन गेहूं की फसल की स्थिति, उत्पादन बढ़ाने के लिए अपनाई जा रही तकनीकों, कृषि मशीनरी की सेवा व्यवस्था तथा कृषि आपूर्ति की स्थिति का विस्तृत सर्वेक्षण किया।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

डीकेपी/

Related posts

Loading...

More from author

Loading...