![]()
वॉशिंगटन, 19 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने औद्योगिक राज्य मिशिगन में दिए गए एक भाषण में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आर्थिक नीतियों का बचाव किया। उन्होंने कहा कि कर कटौती, नियमों में ढील और सख्त व्यापार रुख विनिर्माण क्षेत्र को फिर से मजबूत करने में मदद कर रहे हैं। साथ ही, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि मध्य पूर्व में तनाव के कारण ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी से अल्पकालिक दबाव बना हुआ है।
मिशिगन के ऑबर्न हिल्स स्थित इंजीनियरिंग डिजाइन सर्विसेज इन्कॉर्पोरेटेड में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए जे.डी. वेंस ने प्रशासन की नीति को इस रूप में पेश किया कि यह वर्षों से फैक्ट्रियों के बंद होने और नौकरियों के नुकसान के बाद घरेलू उद्योग को फिर से खड़ा करने का प्रयास है।
उन्होंने कहा, “हम अमेरिकी नौकरियों को विदेश भेजने से तंग आ चुके थे। हम अमेरिकी उद्योग को विदेश भेजने से तंग आ चुके थे। हम यहीं मिशिगन में, यहीं अपने देश में, यहीं संयुक्त राज्य अमेरिका में निर्माण करेंगे और हमने यही किया है।”
भारतीय मूल के रिपब्लिकन नेता सनी रेड्डी ने वेंस के लिए स्वागत भाषण दिया।
इस भाषण में यह स्पष्ट दिखा कि ट्रंप प्रशासन अपनी आर्थिक उपलब्धियों को किस तरह पेश कर रहा है कि अधिक घरेलू उत्पादन, कम कर, कम नियम और उन व्यापारिक साझेदारों पर टैरिफ लगाने की तैयारी, जिनके बारे में उसका कहना है कि उन्होंने अमेरिकी श्रमिकों की कीमत पर लाभ उठाया है।
वेंस ने कहा कि “ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद से मिशिगन में 2,000 से अधिक विनिर्माण नौकरियां जुड़ी हैं।” उन्होंने राज्य के औद्योगिक ढांचे जिसमें इंजीनियरिंग कंपनियां, रोबोटिक्स और ऑटोमोबाइल निर्माण शामिल हैं, को व्यापक पुनरुद्धार का संकेत बताया।
उन्होंने कहा कि हालिया कर बदलावों से उपभोक्ताओं के हाथ में अधिक पैसा आ रहा है और व्यवसायों को भर्ती व निवेश करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा, “औसत अमेरिकी की घर ले जाने वाली आय में लगभग 1,400 डॉलर की वृद्धि हुई है।” हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि कई परिवार अभी भी बाइडेन काल की महंगाई के झटके से उबर रहे हैं।
उपराष्ट्रपति ने विशेष रूप से ऑटो उद्योग पर जोर दिया, जो मिशिगन की अर्थव्यवस्था का एक प्रमुख हिस्सा है और वैश्विक स्तर पर भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह सप्लाई चेन, व्यापार और तकनीकी बदलावों से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने पिछली सरकार पर ऑटो निर्माताओं पर अत्यधिक नियम थोपने का आरोप लगाया और कहा कि ट्रंप ने इस दिशा को पलट दिया है।
उन्होंने कहा, “हम मानते हैं कि आपको संयुक्त राज्य अमेरिका में अपनी पसंद की कोई भी कार चलाने की आजादी होनी चाहिए,” जो कि इलेक्ट्रिक वाहनों को तेजी से अपनाने के खिलाफ प्रशासन के रुख की ओर इशारा करता है।
उनकी टिप्पणियों में ऊर्जा कीमतों का मुद्दा भी शामिल था, जिसका वैश्विक महत्व है। ईरान संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों को लेकर खतरों के बीच पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी पर पूछे जाने पर वेंस ने कहा कि प्रशासन का मानना है कि यह बढ़ोतरी अस्थायी है।
उन्होंने कहा, गैस की कीमतें बढ़ी हैं और इससे लोगों को परेशानी हो रही है लेकिन यह एक अस्थायी उतार-चढ़ाव है।
वेंस ने कहा कि कीमतों को कम करने के लिए वॉशिंगटन ने सहयोगियों के साथ मिलकर पेट्रोलियम भंडार जारी किए हैं और संकेत दिया कि जल्द ही और कदमों की घोषणा की जा सकती है।
--आईएएनएस
पीएम