ब्रिक्स बैठक में शामिल होने मई में भारत आ सकते हैं लावरोव

मास्को, 31 मार्च (आईएएनएस)। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव मई में ब्रिक्स बैठक में शामिल होने के लिए दो दिवसीय दौरे पर भारत आ सकते हैं। यह जानकारी रूस के उप विदेश मंत्री एंड्री रुडेंको के हवाले से स्थानीय मीडिया ने दी है।

लावरोव 14–15 मई को होने वाली ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे।

रुडेंको के अनुसार, इस बैठक में उन प्रमुख दस्तावेजों की रूपरेखा तय की जाएगी जिन्हें भारत अपनी अध्यक्षता में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रस्तुत करेगा।

रूस की टीएएसएस न्यूज एजेंसी ने रुडेंको के हवाले से बताया कि ब्रिक्स कार्यक्रमों के इतर लावरोव की एक अलग द्विपक्षीय यात्रा भी प्रस्तावित है, जिसके तहत वे भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।

भारत वर्ष 2026 में ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है, जिसका थीम “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सततता के लिए निर्माण” रखा गया है। जो नरेंद्र मोदी द्वारा 2025 में रियो डी जिनेरियो में आयोजित 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान दिए गए ‘मानवता प्रथम और जन-केंद्रित’ दृष्टिकोण को आगे बढ़ाता है।

23 मार्च को आयोजित एक सम्मेलन में जयशंकर ने कहा था कि भारत अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान रूस के साथ सहयोग को और मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, ताकि साझा वैश्विक चुनौतियों का संतुलित और समावेशी समाधान निकाला जा सके। उन्होंने बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था में ब्रिक्स, एससीओ, जी20 और संयुक्त राष्ट्र जैसे मंचों पर सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

ब्रिक्स की शुरुआत 2006 में न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान हुई थी, जबकि पहला शिखर सम्मेलन 2009 में रूस के येकातेरिनबर्ग में आयोजित किया गया। 2010 में दक्षिण अफ्रीका के शामिल होने के बाद यह समूह ब्रिक से ब्रिक्स बन गया। हाल के वर्षों में मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब, यूएई और इंडोनेशिया इसके पूर्ण सदस्य बने हैं, जबकि कई अन्य देश साझेदार के रूप में जुड़े हैं।

--आईएएनएस

केआर/

Related posts

Loading...

More from author

Loading...