ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने जेयर बोल्सोनारो की सजा कम करने वाले कानून पर लगाई अस्थायी रोक

साओ पाउलो, 10 मई (आईएएनएस)। ब्राजील के सुप्रीम फेडरल कोर्ट ने 8 जनवरी 2023 को सरकारी इमारतों पर हुए हमलों से जुड़े मामलों में दोषियों की सजा कम करने वाले एक नए कानून को अस्थायी रूप से रोक दिया है। इस मामले में पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो भी शामिल हैं।

न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, जस्टिस अलेक्जेंड्रे डी मोरिस ने शनिवार को फैसला सुनाते हुए कहा कि जब तक अदालत यह तय नहीं कर लेती कि यह कानून संविधान के अनुरूप है या नहीं, तब तक इसे लागू करना उचित नहीं होगा। उनका कहना था कि यह कदम कानूनी स्पष्टता बनाए रखने के लिए जरूरी है। जस्टिस अलेक्जेंड्रे डी मोराएस को इस कानून की संवैधानिकता की समीक्षा की जिम्मेदारी दी गई थी।

यह कानून हाल ही में संसद द्वारा पारित किया गया था, जब सांसदों ने राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा के वीटो को भी पलट दिया था। इस कानून के तहत तख्तापलट की कोशिश और लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ अपराधों में सजा घटाने का प्रावधान है।

दरअसल 8 जनवरी 2023 को ब्रासीलिया में हजारों प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति भवन, संसद और सुप्रीम कोर्ट पर हमला कर दिया था। यह घटना 2022 के चुनाव परिणामों के बाद हुई थी, जिसमें लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा राष्ट्रपति बने थे। इस हमले को लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बड़ा हमला माना गया और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पिछले साल सितंबर में सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को 27 साल 3 महीने की जेल की सजा सुनाई थी। उन पर 2022 के चुनाव हारने के बाद तख्तापलट की कोशिश का नेतृत्व करने का आरोप था।

इससे पहले मार्च में ब्राजील के सुप्रीम फेडरल कोर्ट के फर्स्ट चैंबर ने पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो की हाउस अरेस्ट की अपील को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि जेल में उन्हें पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं और ऐसी नहीं है कि उन्हें विशेष रिहाई दी जाए।

जस्टिस ने इस बात पर भी जोर दिया कि बोल्सोनारो की अपने साथियों के साथ बार-बार होने वाली मीटिंग्स से पता चलता है कि उनका शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य सही है।

30 अप्रैल को, ब्राजील की कांग्रेस ने राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा के उस वीटो को पलट दिया, जिसके तहत उन्होंने एक सजा बिल पर रोक लगा दी थी। यह बिल 8 जनवरी, 2023 को फेडरल गवर्नमेंट बिल्डिंग्स पर हुए हमलों के लिए दोषी पाए गए लोगों की सजा कम कर सकता था।

इस कदम को डोसिमेट्री बिल के नाम से जाना जाता है। यह तख्तापलट की कोशिश और डेमोक्रेटिक सिस्टम को हिंसक तरीके से खत्म करने जैसे अपराधों के लिए सजा कम करता है।

यह भीड़ के हिस्से के तौर पर दोषी पाए गए लोगों की सजा में एक-तिहाई से दो-तिहाई की कमी की भी इजाजत देता है, बशर्ते वे ऑर्गनाइजर या वित्त दाता न हों। सांसदों ने निचले सदन में 318-144 और सीनेट में 49-24 वोटों से वीटो को पलट दिया था।

यह कानून पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो समेत लगभग 280 लोगों को प्रभावित कर सकता है।

--आईएएनएस

केके/वीसी

Related posts

Loading...

More from author

Loading...