अमेरिका-ईरान युद्धविराम में पाकिस्तान ने निभाया अहम रोल : महबूबा मुफ्ती

श्रीनगर, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका-ईरान युद्धविराम पर पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती और नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने प्रतिक्रिया दी है। एक तरफ जहां महबूबा मुफ्ती ने कहा कि यह मुस्लिम समुदाय के लिए खुशी का दिन है, वहीं फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि लड़ाई से किसी को फायदा नहीं हुआ है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि इस युद्ध में इजरायल को बड़ा नुकसान हुआ है, वहां भी तबाही है। इस तबाही को लड़ाई से कम नहीं किया जा सकता। उन्होंने सवाल उठाया कि किस लड़ाई से फायदा हुआ है। किसी भी लड़ाई से फायदा नहीं हुआ, बल्कि तबाही ही बढ़ी है। अब यह युद्ध बंद होना चाहिए।

श्रीनगर में पत्रकारों से बातचीत में महबूबा मुफ्ती ने कहा कि अगर दोनों पक्ष बातचीत की टेबल पर आना चाहते हैं, तो यह मुस्लिम समुदाय के लिए अच्छी खबर है। इसमें पाकिस्तान की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पाकिस्तान का बड़ा अहम रोल रहा है कि उसने दुनिया को जंग के मुहाने से वापस लाने में मदद की।

महबूबा मुफ्ती ने आगे कहा कि ईरान की बहादुरी और उसकी हिम्मत की तारीफ करनी चाहिए। वहीं अमेरिका और इजरायल ने ईरान के स्कूलों पर हमला किया, बच्चों की जान ली और कॉलेजों को तोड़ दिया। पुल और पावर हाउस बर्बाद कर दिए, लोगों को निशाना बनाया। इसके मुकाबले ईरान ने सिर्फ सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। उन्होंने स्कूल और अस्पतालों पर हमला नहीं किया।

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भी देखना चाहिए कि इतने मुश्किल हालात में भी इस कौम के लोग आपे से बाहर नहीं हुए। इसके लिए ईरान के लोग बधाई के पात्र हैं। यह जो सीजफायर हुआ है, वह हमेशा के लिए लागू हो जाए और ईरान को फिर से आगे बढ़ने का मौका मिले।

श्रीनगर में पार्टी में नए सदस्यों के शामिल होने पर बोलते हुए पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा, "मैं पार्टी में शामिल होने वाले सभी लोगों का हार्दिक स्वागत करती हूं। मैं युवाओं के इस पार्टी में प्रवेश को सकारात्मक कदम मानती हूं, क्योंकि वर्तमान में जो समस्याएं हैं, वे मुख्य रूप से युवाओं को प्रभावित करती हैं। युवाओं को पुलिस स्टेशनों में बुलाया जाता है और सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट करने पर हिरासत में ले लिया जाता है। बेरोजगारी युवाओं पर बोझ है। युवाओं के लिए वर्तमान वातावरण घुटन भरा है, वे खुलकर बोल नहीं पाते। मुझे खुशी होती है जब युवा हमारी पार्टी में शामिल होते हैं।"

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Related posts

Loading...

More from author

Loading...