विवादित गानों को मिलते हैं सबसे ज्यादा व्यूज : जीशु सेनगुप्ता

मुंबई, 31 मार्च (आईएएनएस)। बंगाली सिनेमा के जाने-माने अभिनेता जीशु सेनगुप्ता ने हाल ही में विवादित गानों को लेकर चल रही बहस पर अपनी बेबाक राय रखी। आईएएनएस को दिए एक खास इंटरव्यू में उन्होंने साफ कहा कि ऐसे गानों को लेकर जितना विरोध होता है, उतना ही ज्यादा लोग उन्हें सुनते भी हैं और यही उनकी लोकप्रियता की सबसे बड़ी वजह है।

जीशु सेनगुप्ता ने कहा, "आप गीतकारों या क्रिएटर्स को दोष नहीं दे सकते, क्योंकि लोग खुद इन गानों को सुन रहे हैं। जो गाने विवाद खड़े करते हैं, वही सबसे ज्यादा व्यूज और लाइक्स पाते हैं। अगर आपको ये गाने पसंद नहीं हैं, तो मत सुनिए।"

उन्होंने आगे कहा कि इंडस्ट्री में हर तरह का कंटेंट मौजूद है। हमारे पास गुलजार साहब और जावेद अख्तर जैसे दिग्गज भी हैं। आप क्या सुनना चाहते हैं, यह पूरी तरह आप पर निर्भर करता है। जो पसंद है, वही सुनिए।

जीशु सेनगुप्ता ने यह भी बताया कि वे खुद नकारात्मकता से दूर रहना पसंद करते हैं। उन्होंने ने कहा, "मैं चाहूं तो इस मुद्दे पर कुछ ऐसा कह सकता हूं जिससे विवाद बढ़े, लेकिन मैं ऐसा नहीं करना चाहता। पहले से ही हमारे आसपास काफी नकारात्मकता है, उसे और क्यों बढ़ाया जाए? मैं एक सकारात्मक इंसान हूं और मुझे गुलजार साहब और जावेद साहब के गाने सुनना पसंद है।"

उन्होंने भारतीय सिनेमा की विविधता का भी जिक्र किया। जीशु ने कहा कि सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि मराठी, पंजाबी, साउथ और बंगाली इंडस्ट्री में भी कई शानदार गीतकार हैं, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि रवीन्द्रनाथ टैगोर की तुलना किसी से नहीं की जा सकती। मैं गुलजार साहब या जावेद साहब की भी किसी से तुलना नहीं करूंगा।

जीशु सेनगुप्ता ने साफ कहा कि ट्रेंड्स को तय करने की ताकत दर्शकों के हाथ में है। क्रिएटर्स वही बनाएंगे जो उन्हें आता है, लेकिन अगर लोग उसे देखना और सुनना बंद कर दें, तो वह खुद खत्म हो जाएगा।

जीशु अपनी आगामी फिल्म 'भूत बंगला' को लेकर काफी उत्साहित हैं। इस फिल्म में अक्षय कुमार, राजपाल यादव, परेश रावल, तब्बू और वामिका गब्बी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में दिग्गज अभिनेता असरानी भी दिखाई देंगे, जिनका 84 वर्ष की आयु में 20 अक्टूबर 2025 को निधन हो गया था।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस

Related posts

Loading...

More from author

Loading...