‘सुपर डूपर’ का गाना ‘अंगाई’ मेरे लिए बेहद खास : स्वानंद किरकिरे

नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। संगीतकार और अभिनेता स्वानंद किरकिरे ने मराठी फिल्म 'सुपर डूपर' के लिए एक खूबसूरत लोरी 'अंगाई' में अपनी आवाज दी है। इस गाने के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें एक खास तरह की मासूमियत और ईमानदारी है, जो बेहद खास और आकर्षित करने वाली लगी।

स्वानंद किरकिरे ने बताया, “फिल्म ‘सुपर डूपर’ का गाना ‘अंगाई’ मेरे लिए बहुत खास है। इसकी कहानी कहने के अंदाज में एक मासूमियत और ईमानदारी है, जिसने मुझे खास तौर पर आकर्षित किया। रिकॉर्डिंग का अनुभव बहुत स्वाभाविक और दिल को सुकून देने वाला था।”

कुणाल करण की लिखी लोरी को फिल्म के डायरेक्टर समीर आशा पाटिल ने फिल्म में शामिल किया है। फिल्म में ललित प्रभाकर और विदुला चौघुले लीड रोल में हैं। स्वानंद ने इसे एक ऐसी फिल्म बताया, जो सिनेमा हॉल में दर्शकों का दिल जीत लेगी। उन्होंने फिल्म की भावनात्मक गहराई और कहानी कहने के अनोखे अंदाज की खूब तारीफ की।

स्वानंद किरकिरे वर्तमान में व्यस्त रहते हुए भी अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों में काम कर रहे हैं। हाल ही में यह घोषणा हुई थी कि वे सूरज बड़जात्या की अपकमिंग रोमांटिक फैमिली ड्रामा ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना और शरवरी के साथ नजर आएंगे। इस फिल्म के बारे में बात करते हुए स्वानंद ने बताया कि आयुष्मान खुराना जमीन से जुड़े हुए कलाकार हैं और उनके साथ काम करना खुशी की बात है।

उन्होंने शरवरी की तारीफ करते हुए कहा कि वह सेट पर शानदार एनर्जी लेकर आती हैं। राजश्री प्रोडक्शंस के बैनर वाली इस फिल्म को लेकर स्वानंद किरकिरे काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “राजश्री फिल्म्स की अपनी एक विरासत और खासियत है। यहां अच्छाई में विश्वास किया जाता है। ऐसी टीम के साथ काम करना जहां दिखावे से ज्यादा इमोशंस और कहानी की मजबूती को महत्व दिया जाता है, बहुत ताजगी भरा अनुभव है।”

स्वानंद किरकिरे ने सूरज बड़जात्या के साथ काम करने को बेहद खास अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि बड़जात्या के कहानी कहने का अंदाज कई पीढ़ियों को प्रभावित करता रहा है।

--आईएएनएस

एमटी/एबीएम

Related posts

Loading...

More from author

Loading...