सबको हंसाने वाले 'तिवारी जी' हुए इमोशनल, खास शख्स को दिया सफलता का सारा श्रेय

मुंबई, 23 मार्च (आईएएनएस)। हिंदी सिटकॉम 'भाभी जी घर हैं' टीवी का सबसे पॉपुलर सीरियल रहा है, जिसके संवाद से लेकर किरदार ने फैंस को अपना दीवाना बना दिया।

सीरियल का कंटेंट भले ही डबल मीनिंग रहा लेकिन हल्की कॉमेडी के साथ सीरियल को दर्शकों का बहुत प्यार मिला और तिवारी जी और विभूति नारायण मिश्रा घर-घर फेमस हो गए। आज इस सीरियल को लिखने वाले लेखक मनोज संतोषी की पुण्यतिथि है और तिवारी जी उर्फ रोहिताश्व गौर ने लेखक को भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।

रोहिताश्व गौर और सीरियल के बाकी किरदारों को फेमस करने में संवाद की अहम भूमिका रही, जिसमें डबल मीनिंग कंटेंट से लेकर हल्की-फुल्की कॉमेडी को भी शामिल किया गया, खासकर तिवारी जी और विभूति नारायण मिश्रा के किरदारों में। संवाद मनोज संतोषी ने लिखे, जिनका निधन 23 मार्च 2025 को हुआ था। अब रोहिताश्व गौर ने लेखक को याद कर उन्हें अपने करियर की सफलता का श्रेय दिया है।

उन्होंने इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर कर लिखा, "दोस्तों आज वो दिन था जब हमने हमारे प्रिय लेखक जिन्होनें हमारे सीरियल 'भाभीजी घर पर हैं' की रचना की थी हमें छोड़कर इस दुनिया से हमेशा के लिए चले गए। मेरे जीवन में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा, 'तिवारी जी' की भूमिका उन्होंने मुझे दी। धन्यवाद मनोज भाई, आप जहां भी हो, जिस रूप में भी हो, बहुत सुखी और स्वस्थ रहो।"

बता दें कि पहले सीरियल की सफलता के बाद शो का दूसरा वर्जन, 'भाभी जी घर पर हैं 0.2,' टेलीकास्ट हो रहा है, जिसमें शिल्पा शिंदे ने सालों बाद वापसी की है। शो में भले ही किरदार बदलें हैं लेकिन कंटेंट और मजा वही पुराना वाला है। इस शो से जुड़ी फिल्म भी रिलीज हो चुकी है, जिसमें शुभांगी अत्रे और रवि किशन की एकतरफा लव स्टोरी ने फैंस का दिल जीता। फिल्म 6 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म का निर्देशन शशांक बाली ने किया था, हालांकि फिल्म को सीरियल की तुलना में कम प्यार मिला, क्योंकि दर्शकों को सीरियल और फिल्म में ज्यादा अंतर नजर नहीं आया।

--आईएएनएस

पीएस/पीएम

Related posts

Loading...

More from author

Loading...