राजीव खंडेलवाल ने खोला अपनी पर्सनल लाइफ का राज, पत्नी के लिए खुद चाय बनाकर जताते हैं प्यार

मुंबई, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। नए रियलिटी शो तुम हो ना में, में एक ऐसा भावुक और सोचने पर मजबूर करने वाला पल देखने को मिला जब अभिनेता और शो होस्ट राजीव खंडेलवाल ने कंटेस्टेंट पूनम और उनके पति के साथ दिल को छू लेने वाली बातें शेयर कीं।

राजीव ने इस दौरान यह बात सामने रखी कि घर और रिश्तों की जिम्मेदारियां सिर्फ महिला या पुरुष की नहीं होतीं, बल्कि दोनों को मिलकर निभानी चाहिए। उन्होंने शादी में पुराने तय ढर्रे से हटकर बराबरी की सोच अपनाने पर जोर दिया।

राजीव ने अपनी निजी जिंदगी का उदाहरण देते हुए बताया कि वह अपनी पत्नी का हर दिन खास ख्याल रखते हैं। उन्होंने कहा, “मैं हर रोज अपनी पत्नी के लिए चाय बनाता हूं। रोज सुबह उन्हें गर्म पानी भी देता हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि वह इस बारे में आगे और बात करेंगे, लेकिन इतना जरूर समझना चाहिए कि घर में देखभाल और जिम्मेदारी दोनों की होती है।

पूनम से बातचीत के दौरान, उन्होंने बताया कि उसके पति भी अपनी पत्नी के लिए करवा चौथ का व्रत रखते हैं और कहा, “365 दिनों में एक ही दिन आता है, तो हर पति अपनी पत्नी के लिए एक दिन का त्याग तो कर ही सकता है।”

राजीव ने पूनम के इस फैसले की भी तारीफ की कि वह इनाम की रकम का इस्तेमाल अपने पति के लिए रसोई को और सुविधाजनक बनाने में करना चाहती हैं।

जब राजीव ने पूनम के पति से पूछा कि वह रोज खाना क्यों बनाते हैं, तो उन्होंने भावुक होकर जवाब दिया, “मेरी जिंदगी में माता-पिता के जाने के बाद मेरे घर को पूनम ने ही संभाला है।”

इस पूरे पल पर बात करते हुए राजीव ने कहा कि बहुत कम महिलाएं ऐसी होती हैं जो अपनी जिंदगी में उस मुकाम तक पहुंच पाती हैं, जहां उनका पति खुलकर यह कहे कि वह रोज उनके लिए खाना बनाता है और आगे भी जिंदगी भर बनाना चाहता है।

जानकारी के लिए बता दें कि राजीव खंडेलवाल ने फरवरी 2011 में मंजरी कामटिकर से शादी की थी।

--आईएएनएस

एएस/

Related posts

Loading...

More from author

Loading...