प्रिया कपूर बनाम मंधिरा कपूर केस: पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई टली, अब 22 अप्रैल को अगली तारीख

नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर के परिवार से जुड़ा हाई-प्रोफाइल विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। दरअसल, संजय कपूर की पत्नी प्रिया कपूर द्वारा अपनी ननद मंधिरा कपूर के खिलाफ दायर आपराधिक मानहानि मामले में पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई फिलहाल टाल दी गई है। अदालत ने अब इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 22 अप्रैल की तारीख तय की है।

जानकारी के मुताबिक, सुनवाई के दौरान प्रिया कपूर की तरफ से पेश वकील ने अदालत से समय मांगा, ताकि मंधिरा कपूर द्वारा दायर अर्जी का जवाब तैयार किया जा सके। इस अर्जी में मंधिरा कपूर ने कोर्ट से मांग की है कि प्रिया कपूर उन सभी दस्तावेजों को पेश करें, जिनके आधार पर उन्होंने उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि का केस दर्ज कराया है।

इससे पहले की सुनवाई में अदालत ने मंधिरा कपूर को समन जारी किया था। प्रिया कपूर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मंधिरा कपूर लगातार पॉडकास्ट, सोशल मीडिया और मीडिया इंटरव्यू के जरिए उनके खिलाफ झूठे और भ्रामक बयान दे रही हैं। प्रिया का कहना है कि इन बयानों का मकसद उनकी छवि को नुकसान पहुंचाना है।

दूसरी ओर, मंधिरा कपूर इन आरोपों को खारिज कर चुकी हैं और उनका कहना है कि उन्होंने जो भी कहा है, वह सच है और जरूरत पड़ने पर वह इसे अदालत में साबित करेंगी। उन्होंने दावा किया कि पूरे मामले को संदर्भ से हटाकर पेश किया जा रहा है और असल मुद्दा परिवार की संपत्ति और विरासत का है।

दरअसल, यह पूरा विवाद संजय कपूर की मौत के बाद उनकी संपत्ति और वसीयत को लेकर शुरू हुआ। बताया जाता है कि संजय कपूर अपने पीछे करीब 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति छोड़ गए हैं। इस संपत्ति को लेकर परिवार के अलग-अलग सदस्यों के बीच विवाद गहराता जा रहा है। खासतौर पर वसीयत में किन लोगों के नाम शामिल हैं और किन्हें बाहर रखा गया है, यह मुद्दा सबसे बड़ा विवाद बन चुका है।

मंधिरा कपूर ने पहले भी आरोप लगाया है कि वसीयत में कई गड़बड़ियां हैं और इसमें परिवार के कुछ सदस्यों, खासकर करिश्मा कपूर और उनके बच्चों समायरा और कियान के अधिकारों को नजरअंदाज किया गया है। वहीं प्रिया कपूर का पक्ष है कि वह कानूनी रूप से सही हैं और उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं।

बता दें कि संजय कपूर ने पहले करिश्मा कपूर से साल 2003 में शादी की थी। इस शादी से कपल को दो बच्चे, बेटी समायरा और बेटा कियान, हुए। साल 2016 में संजय और करिश्मा ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया। इसके बाद उन्होंने प्रिया से शादी की थी। प्रिया की ये दूसरी शादी थी; इससे पहले उन्होंने होटल व्यवसायी विक्रम चटवाल ​​के साथ सात फेरे लिए थे। प्रिया और विक्रम की एक बेटी सफीरा है, जिसे संजय कपूर अपने साथ ही रखते थे।

--आईएएनएस

पीके/एएस

Related posts

Loading...

More from author

Loading...