प्रभु देवा : डांस करते-करते अचानक आया टेम्परेरी पैरालिसिस अटैक, फिर भी नहीं रुके कदम

मुंबई, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। फिल्म इंडस्ट्री में कुछ ऐसे सितारे होते हैं, जिनकी कहानी सिर्फ सफलता की नहीं, बल्कि संघर्ष, मेहनत और हिम्मत की मिसाल बन जाती है। ऐसा ही एक नाम है प्रभु देवा का, जिन्हें 'इंडिया का माइकल जैक्सन' कहा जाता है।

अपने अनोखे डांस स्टाइल से करोड़ों लोगों को दीवाना बनाने वाले प्रभु देवा ने अपने जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। उनके करियर में एक ऐसा भी पल आया, जब शूटिंग के दौरान अचानक उनके शरीर ने काम करना बंद कर दिया, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और फिर से मजबूती के साथ वापसी की। यही जज्बा उन्हें दूसरों से अलग बनाता है।

3 अप्रैल 1973 को कर्नाटक के मैसूर में जन्मे प्रभु देवा का पूरा नाम प्रभु देवा सुंदरम है। उनका परिवार पहले से ही डांस से जुड़ा हुआ था। उनके पिता मुगुर सुंदर साउथ फिल्मों के जाने-माने डांस मास्टर थे। बचपन से ही प्रभु देवा को डांस का शौक था और उन्होंने बहुत कम उम्र में ही क्लासिकल डांस सीखना शुरू कर दिया। उन्होंने घर पर ही प्रैक्टिस करते-करते अपने डांस को इतना बेहतर बना लिया कि आगे चलकर वही उनकी पहचान बन गया।

प्रभु देवा ने अपने करियर की शुरुआत बैकग्राउंड डांसर के तौर पर की थी। शुरुआत में छोटे-छोटे रोल और डांस करने के बाद उन्हें कोरियोग्राफी का मौका मिला। साल 1989 में उन्होंने बतौर कोरियोग्राफर काम शुरू किया और 'मैं ऐसा क्यों हूं', 'मुकाबला' और 'के सेरा सेरा' जैसे गानों में कोरियोग्राफी की। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग में भी कदम रखा और 'काधलन' जैसी फिल्मों से अपनी पहचान बनाई। उनके डांस मूव्स और स्क्रीन प्रेजेंस को लोगों ने खूब पसंद किया।

इसके बाद, प्रभु देवा ने निर्देशन की दुनिया में भी कदम रखा और यहां भी सफलता हासिल की। उन्होंने 'वॉन्टेड' जैसी सुपरहिट फिल्म डायरेक्ट की, जिसमें सलमान खान नजर आए थे। इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया, बल्कि बॉलीवुड में प्रभु देवा को एक सफल डायरेक्टर के रूप में स्थापित कर दिया। इसके बाद उन्होंने कई बड़ी फिल्मों का निर्देशन किया और लगातार सफलता हासिल की।

उनके जीवन का सबसे चौंकाने वाला पल तब आया, जब एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें अचानक टेम्परेरी पैरालिसिस अटैक आया। वह डांस कर रहे थे, तभी उनके शरीर ने अचानक काम करना बंद कर दिया और वह जमीन पर गिर पड़े। उस समय स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि यह मांसपेशियों में खिंचाव के कारण हुआ था। कुछ समय के इलाज और आराम के बाद उन्होंने धीरे-धीरे खुद को संभाला और फिर से डांस की दुनिया में लौट आए। यह उनकी जिंदगी का सबसे मुश्किल दौर था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

प्रभु देवा को उनके शानदार काम के लिए कई बड़े सम्मान भी मिले हैं। उन्हें कोरियोग्राफी के लिए दो बार नेशनल अवॉर्ड मिल चुका है। इसके अलावा, साल 2019 में उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम

Related posts

Loading...

More from author

Loading...