नाना पाटेकर को 'गुरु' मानती है कुब्रा सैत, बोलीं-सेट पर उनके काम को देखना किसी क्लास की तरह

नई दिल्ली, 6 मार्च (आईएएनएस)। फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर ने मेहनत और अभिनय के दम पर लोगों के दिलों में खास जगह बनाई है। उन्होंने दशकों से फिल्मों के जरिए लोगों का मनोरंजन किया। वह पूरी लगन के साथ अपना किरदार निभाते हैं और यही वजह है कि सिनेमा में कई कलाकार उन्हें अपना गुरु मानते हैं। इनमें से एक हैं अभिनेत्री कुब्रा सैत, जो इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'संकल्प' को लेकर चर्चाओं में हैं। इस फिल्म में उनके साथ नाना पाटेकर हैं।

फिल्म 'संकल्प' का निर्देशन प्रकाश झा कर रहे हैं। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं। इस बीच क्रुब्रा सैत ने नाना पाटेकर के साथ काम करने के अनुभव को साझा किया। क्रुबा ने कहा कि उन्होंने नाना पाटेकर से अभिनय की बारीकियां सीखीं हैं, साथ ही उन्हें काम के प्रति समर्पण भी सीखने को मिला।

नाना पाटेकर की तारीफ करते हुए कुब्रा सैत ने कहा, ''नाना पाटेकर शानदार अभिनेता हैं। वह अपने काम के प्रति पूरी तरह समर्पित रहते हैं। वह हर सीन को बहुत गंभीरता से लेते हैं और उसकी तैयारी भी उतनी ही मेहनत से करते हैं। वह अक्सर अगले दिन के सीन्स की कहानी खुद अपने हाथों से लिखते हैं और फिर उसकी हर लाइन को याद भी करते हैं।''

कुब्रा ने कहा, ''नाना पाटेकर की लिखने की शैली बहुत प्रभावशाली है और काम करने का तरीका भी बेहद अलग है। सेट पर उन्हें काम करते हुए देखना मेरे लिए किसी सीखने वाली क्लास की तरह है। उनका ध्यान हर छोटी-छोटी बात पर रहता है। यही वजह है कि उनके साथ काम करना मेरे लिए एक बड़ा सीखने वाला अनुभव साबित हुआ।''

सेट के बारे में बताते हुए कुब्रा ने कहा, संकल्प के सेट पर कलाकारों के बीच काफी सहयोग भरा माहौल था, जहां हर कोई एक-दूसरे से कुछ नया सीख रहा था। नाना पाटेकर जैसे कलाकार नई पीढ़ी के अभिनेताओं के लिए एक प्रेरणा हैं और उनके साथ काम करना किसी सौभाग्य से कम नहीं है।

--आईएएनएस

पीके/वीसी

Related posts

Loading...

More from author

Loading...