![]()
मुंबई, 21 मार्च (आईएएनएस)। हर माता और पिता की इच्छा होती है कि उनका बेटा सफलता की हर ऊंचाई को छू ले और ऐसा कर पाने वाले लोग बहुत कम होते हैं। 22 मार्च का दिन भारतीय रैपर बादशाह के लिए बहुत खास है, क्योंकि रैपर लंदन के प्रसिद्ध संगीत के मंच ओ2 एरिना में परफॉर्म करने वाले हैं। इस पर अपने माता-पिता का रिएक्शन देखकर रैपर काफी इमोशनल नजर आए।
टटीरी गाने को विवाद के बीच रैपर बादशाह लंदन पहुंच चुके हैं और वे अकेले नहीं, बल्कि अपने पूरे परिवार के साथ पहुंचे हैं। रैपर जहां परफॉर्म करने के लिए बहुत एक्साइटेड हैं, वहीं अपने माता-पिता के चेहरे की खुशी देखकर भावुक भी हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें बादशाह अपने माता-पिता के साथ हैं और सभी लोग 'ओ2 एरिना' को देखकर हैरान हैं।
रैपर के पिता कहते हैं, "बहुत बड़ा हॉल है, बहुत सारे लोग आ जाएंगे," तभी उनकी मां जवाब देती है, "20 हजार लोग आ जाते हैं।" दोनों के चेहरे पर चमक और चेहरे पर बड़ी सी स्माइल है, जो बेटे की सफलता को देखकर खुश है। अब ऐसे में बादशाह का भी इमोशनल होना भी जायज है। उनका कहना है कि आज तक माता-पिता ने कोई चीज नहीं मांगी, बल्कि हमेशा दुआ दी है और आज, उन्हीं दुआओं का सिला उनके आगे खड़ा है। उनके चेहरे का भाव किसी भी पुरस्कार और किसी भी नंबर से बड़ा है।
रैपर लिखते हैं, "मुझे याद है उन्होंने पूछा था, 'बेटा, तू कर लेगा?' मुझे लगता है यही उत्तर है। मैं दुनिया जीतने निकला था, पर आज समझ आया, जीत तो यहीं खड़ी है मेरे साथ।" उन्होंने 22 मार्च को कॉन्सर्ट का हिस्सा बनने वालों को दिल से धन्यवाद भी दिया है।
इस बड़े मूमेंट के बीच रैपर भारत में आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। उनके खिलाफ गानों में महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगा है। उनके गाने 'टटीरी' को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी हटा दिया गया है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए गाने से जुड़े सभी लोगों को समन जारी किया है और 25 मार्च को पेश होने का आदेश भी दिया है।
--आईएएनएस
पीएस/वीसी