'लाखों में एक पवले बानी हम बहुरानी' का ट्रेलर रिलीज, दिखी सास-बहू के बीच की मीठी नोक-झोंक

मुंबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। आम्रपाली दुबे के करियर की पहली फिल्म “निरहुआ हिंदुस्तानी” के सुपरहिट गाने “लाखों में एक पवले बानी हम बहुरानी” से शुरू हुआ सफर अब फिल्म के रूप में दर्शकों के सामने आ चुका है।

फिल्म का मजेदार और पारिवारिक ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसमें सास और बहू की मीठी नोक-झोंक दिखाई गई है। ट्रेलर को रिलीज के साथ ही अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।

आम्रपाली दुबे की 'लाखों में एक पवले बानी हम बहुरानी' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें तीन बहुएं अपनी सास को सताती नजर आती हैं, लेकिन फिर होती है आम्रपाली दुबे, यानी शीतल, की एंट्री, जो अपने नाम की तरह ही शांत और संस्कारी है। आम्रपाली घर में आते ही अपनी सास पर खूब प्यार लुटाती है, लेकिन यह देखकर बाकी बहुओं को जलन होने लगती है, हालांकि आम्रपाली अपने स्वभाव से सबका दिल जीतने की कोशिश करती है।

बाकी तीन बहुएं आम्रपाली को बिल्कुल पसंद नहीं करती और वे उससे बदला लेने के लिए कई प्रपंच करती हैं लेकिन आम्रपाली हर वार का जवाब देती हैं लेकिन तीनों बहुएं अपने ही खाने में जहर मिला लेती है और आम्रपाली पर जहर देने का इल्जाम लगाती है, जिसकी वजह से सारा परिवार जो आम्रपाली से प्यार करता है, वो उन्हें घर से बाहर निकाल देता है, हालांकि इस साजिश का पर्दाफाश कैसे होगा, यह तो फिल्म देखकर ही पता चलेगा।

फिल्म की कास्ट की बात करें तो आम्रपाली के अलावा, जय यादव, कंचन मिश्रा, रंभा साहनी, संगीता तिवारी, जया पांडे, रितु पांडे, ललित उपाध्याय, राकेश बाबू, पुष्पेंद्र राय, साहिल सिद्दीकी, प्रिया दीक्षित और गोपाल चौहान अहम भूमिका में हैं। फिल्म का निर्देशन अजय झा ने किया है और फिल्म के निर्माता निशांत उज्जवल हैं। ट्रेलर के रिलीज के साथ फिल्म की रिलीज का ऐलान नहीं किया गया है लेकिन कहा जा रहा है कि अगले महीने फिल्म को टीवी पर रिलीज किया जाएगा।

इससे पहले आम्रपाली दुबे को आईएनसीए अवॉर्ड में बेस्ट एक्ट्रेस के अवॉर्ड से नवाजा गया था। अभिनेत्री को अवॉर्ड 'मेरे हस्बैंड की शादी है' के लिए मिला था। फिल्म में काजल राघवानी और निरहुआ भी लीड रोल में थे लेकिन काजल को पीछे छोड़ आम्रपाली ने बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड अपने नाम किया।

--आईएएनएस

पीएस/एएस

Related posts

Loading...

More from author

Loading...