हर गाने को रंगों में महसूस करती हैं श्रेया घोषाल, बोलीं-मेरे लिए संगीत एक पेंटिंग की तरह

मुंबई, 8 मई (आईएएनएस)। श्रेया घोषाल अपनी सुरीली आवाज के लिए जानी जाती हैं। उनके गाए हुए गाने सीधे लोगों के दिल तक पहुंचते हैं। चाहे रोमांटिक गीत हो, दर्द भरा नगमा हो या फिर कोई खुशियों से भरा गाना, श्रेया हर गीत में ऐसी भावनाएं भर देती हैं कि सुनने वाला उससे खुद को जोड़ लेता है। हाल ही में अपने 'ऑल हार्ट्स टूर' लाइव एल्बम के प्रमोशन के दौरान श्रेया घोषाल ने अपनी गायकी को लेकर एक दिलचस्प बात साझा की।

उन्होंने बताया कि वह गानों को सिर्फ सुरों और शब्दों में नहीं, बल्कि रंगों, तस्वीरों और दृश्यों के रूप में महसूस करती हैं। उनके लिए हर गाना एक पेंटिंग की तरह है।

आईएएनएस से बात करते हुए श्रेया घोषाल ने कहा, ''मेरी याददाश्त काफी फोटोग्राफिक है। मैं चीजों को तस्वीरों के रूप में याद रखती हूं। जब भी मैं कोई गाना गाती हूं, तो मेरे मन में उससे जुड़ी तस्वीरें बनने लगती हैं। किसी गाने का एक हिस्सा मुझे किसी खास रंग की तरह महसूस होता है, तो किसी गाने का माहौल मुझे किसी दृश्य की याद दिलाता है। कभी-कभी किसी अंतरे में मुझे पीले-नीले रंगों की झलक महसूस होती है। मेरे लिए संगीत सिर्फ आवाज नहीं, बल्कि एक पूरा अनुभव है।''

उन्होंने कहा, ''मैंने हाल ही में इंटरनेट पर इस बारे में पढ़ा कि क्या सच में लोगों को संगीत सुनते समय रंग और तस्वीरें महसूस होती हैं। तब मुझे पता चला कि कुछ लोगों के दिमाग में इस तरह की संवेदनाएं होती हैं। मेरे लिए यह तरीका काफी मददगार साबित होता है। इससे मैं गाने की भावना को ज्यादा गहराई से समझ पाती हूं और इसी एहसास के साथ गाती हूं।''

उन्होंने आगे कहा, ''फिल्मों के लिए गाना गाते समय मैं अपने दिमाग में पूरा सीन सोचती हूं कि स्क्रीन पर क्या चल रहा होगा। कलाकार किस तरह अभिनय कर रहे होंगे और गाने का माहौल कैसा होगा। अगर कोई डुएट गाना होता है, तो मैं उसमें सवाल-जवाब की भावना को भी महसूस करती हूं। जब गायक गाने को केवल गाता नहीं, बल्कि उसे जीता है, तभी वह श्रोता के दिल तक पहुंचता है।''

श्रेया घोषाल ने कहा, ''कई बार मुझे यह तक नहीं पता होता कि गाना किस अभिनेता या अभिनेत्री पर फिल्माया जाएगा, लेकिन फिर भी मैं अपने मन में एक किरदार और दृश्य बना लेती हूं। यही कल्पना मेरी आवाज में भावनाओं को और मजबूत बनाती है। लाइव शो के दौरान भी यही चीज मेरे काम आती है। जब मैं स्टेज पर गाती हूं, तो मेरे चेहरे के भाव और आवाज दोनों में वही भावना दिखाई देती है, जो गाने में होती है।''

श्रेया ने संगीत को एक दिव्य कला बताया और कहा, "संगीत सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं है, बल्कि यह भगवान का दिया हुआ एक खास उपहार है। संगीत हर इंसान को अलग-अलग तरीके से जोड़ता है और यही इसकी सबसे बड़ी खूबसूरती है।"

हाल ही में उनका 'ऑल हार्ट्स टूर' लाइव एल्बम रिलीज हुआ है, जिसे सोनी म्यूजिक इंडिया के लेबल के तहत जारी किया गया।

--आईएएनएस

पीके/वीसी

Related posts

Loading...

More from author

Loading...