'है जवानी तो इश्क होना है' से सामने आई वरुण-मृणाल की झलक, इस दिन रिलीज होगी फिल्म

मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। वरुण धवन और मृणाल ठाकुर अपनी अपकमिंग रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की नई झलक को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा में हैं। पूजा हेगड़े के साथ फिल्म का फर्स्ट लुक जारी करने के एक दिन बाद मेकर्स ने अब वरुण और मृणाल की तस्वीर पोस्ट की, जिसमें दोनों की बॉन्डिंग काफी पसंद की जा रही है।

मेकर्स के अलावा दोनों एक्टर्स ने इंस्टाग्राम पर एक खूबसूरत तस्वीर पोस्ट की है। इस तस्वीर में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर को गले लगाते और रोमांटिक पोज देते नजर आ रहे हैं। दोनों की इस जोड़ी में जबरदस्त केमिस्ट्री दिख रही है। वरुण और मृणाल ने तस्वीर के साथ कैप्शन लिखा ,“लेकिन जवानी में इश्क बार-बार होता है।”

दोनों की साथ वाली तस्वीर को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। उनकी पोस्ट पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा, “मृणाल और वरुण को देखने का अब और इंतजार नहीं कर सकता।” जबकि दूसरे ने कहा, “इनकी केमेस्ट्री तो कमाल की है।” वहीं, तीसरे यूजर ने लिखा, "इस नई जोड़ी को स्क्रीन पर देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।"

फिल्म की कहानी जवानी, प्यार और उसकी मस्ती पर आधारित है, जिसमें हल्का-फुल्का मनोरंजन और रोमांस का पूरा मिश्रण दिखने की उम्मीद है। फिल्म हंसी-मजाक और रोमांस से भरपूर होने वाली है।

फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का निर्देशन डायरेक्टर डेविड धवन कर रहे हैं। इसमें वरुण धवन के साथ अभिनेत्री पूजा हेगड़े लीड रोल में हैं। फिल्म में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े के अलावा मौनी रॉय, चंकी पांडे, मनीष पॉल, जिमी शेरगिल, राकेश बेदी और अली असगर जैसे कलाकार भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे।

यह फिल्म वरुण धवन और उनके पिता डेविड धवन के बीच चौथा सहयोग है। इससे पहले दोनों पिता-पुत्र ‘मैं तेरा हीरो’ (2014), ‘जुड़वा 2’ (2017) और ‘कुली नंबर 1’ (2020) में साथ काम कर चुके हैं। यह रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

--आईएएनएस

एमटी/एबीएम

Related posts

Loading...

More from author

Loading...