मुंबई: केंद्र सरकार ने उल्लू और ऑल्ट जैसे 25 ऐप्स को आपत्तिजनक और अश्लील कंटेंट दिखाए जाने के चलते बैन कर दिया है। जिसके बाद मीडिया रिपोर्ट्स में कई तरह के दावे होने लगे कि ऑल्ट एकता कपूर की कंपनी की सब्सिडियरी के स्वामित्व वाली ऐप है। वहीं किसी ने कहा कि बैन के बाद एकता कपूर को काफी नुकसान हुआ है। इन्हीं दावों के बीच एकता कपूर की तरफ से आधिकारिक बयान जारी किया गया है, जिसमें कहा गया कि एकता कपूर ऑल्ट बालाजी से किसी भी तरह से जुड़ी हुई नहीं हैं। उन्होंने 2021 में ऐप से दूरी बना ली थी।
एकता कपूर के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर जारी किए गए आधिकारिक बयान में कहा गया है, ''हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि एकता कपूर और शोभा कपूर का ऑल्ट से किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं है। जून 2021 में ही वे ऑल्ट से पूरी तरह अलग हो गई थीं। इसलिए अगर कोई दावा करता है कि उनका अब भी कोई जुड़ाव है, तो हम कड़े शब्दों में उसका खंडन करते हैं। मीडिया से निवेदन है कि सही और सटीक जानकारी दें। बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड सभी नियमों और कानूनों का पालन करता है और अपनी कंपनी को ईमानदारी और जिम्मेदारी से चलाता है।''
