बॉक्स ऑफिस पर बंपर सफलता के बाद 'धुरंधर' ने अवॉर्ड में भी मारी बाजी

मुंबई, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह स्टारर फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' रिलीज के बाद से ही लगातार बॉक्स ऑफिस और फैंस के दिलों पर राज कर रहा है।

फिल्म का पहला पार्ट भी दर्शकों को खूब पसंद आया था। अब फिल्म के पहले पार्ट यानी 'धुरंधर' ने अवॉर्ड्स पर भी अपना कब्जा कर लिया है। फिल्म ने एक साथ अपने नाम 13 अवॉर्ड किए हैं। फिल्म ने अलग-अलग श्रेणियों में 13 अवॉर्ड अपने नाम किए। फिल्म की धूम इस कदर रही कि लगभग हर श्रेणी में फिल्म नॉमिनेटेड थी और सबसे अहम अवॉर्ड्स अपने नाम किए।

चेतक स्क्रीन अवार्ड्स 2026 में 'धुरंधर' का जलवा देखने को मिला, जहां बेस्ट एक्टर से लेकर बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड भी 'धुरंधर' ने जीत लिया है। आदित्य धर के आधिकारिक बी62 स्टूडियो ने फिल्म को मिले अवॉर्ड्स की लिस्ट जारी की है और पूरी टीम को इसका श्रेय भी दिया है।

यहां जानते हैं कि पहले फिल्म के खाते में कौन-कौन सी कैटेगरी के अवॉर्ड आए हैं। धुरंधर के लिए रणवीर सिंह को बेस्ट एक्टर के अवॉर्ड से नवाजा गया है, जबकि आदित्य धर ने बेस्ट डायरेक्टर और बेस्ट डायलॉग राइटर का खिताब अपने नाम किया है।

अक्षय खन्ना को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड मिला है। वहीं, विजय गांगुली को बेस्ट कोरियोग्राफर, शाश्वत सचदेव को बेस्ट बैकग्राउंड स्कोर, शिवकुमार. वी को बेस्ट एडिटर, विकास नौलखा को बेस्ट सिनेमैटोग्राफर, धुति रंजन साहो और उनकी टीम को बेस्ट स्पेशल इफेक्ट्स, बिश्वजीत चटर्जी को बेस्ट साउंड डिजाइन, स्मृति चौहान को बेस्ट कॉस्ट्यूम डिजाइनर और प्रीतिशील सिंह डिसूजा को बेस्ट हेयरस्टाइल और मेकअप का खिताब मिला है।

कुल मिलाकर सभी बड़ी कैटेगरी में धुरंधर ने बाजी मार ली है। हिंदी सिनेमा में एक ही मंच पर इतने सारे अवॉर्ड बहुत कम ही फिल्मों ने अपने नाम किए हैं। इससे पहले रणवीर सिंह की 'गली बॉय' ने भी साल 2020 में 13 फिल्मफेयर अवॉर्ड अपने नाम किए थे।

बॉक्स ऑफिस सक्सेस के बाद इतने सारे अवॉर्ड की जीत का स्वाद चखना धुरंधर की पूरी टीम के लिए खुशी की बात है। कलेक्शन और सक्सेस को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि साल 2025 फिल्म धुरंधर और निर्देशक आदित्य धर के नाम रहा।

--आईएएनएस

पीएस/एबीएम

Related posts

Loading...

More from author

Loading...