![]()
मुंबई, 28 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेता और गायक अपारशक्ति खुराना ने अपना नया रोमांटिक गाना ‘तेरे पीछे’ रिलीज कर दिया है। इस गाने में अभिनेत्री महिमा मकवाना भी नजर आ रही हैं। गाने में दोनों की केमिस्ट्री स्क्रीन पर काफी पसंद की जा रही है।
हर जॉनर की फिल्मों में काम कर चुके अपारशक्ति खुराना फिल्मों में सहायक भूमिकाओं के लिए खासा मशहूर हैं, अब वह संगीत के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। वह एक्टिंग के साथ-साथ गायकी और गीत लेखन में भी काम कर रहे हैं।
यह गाना उनके नए ईपी ‘बिटवीन अस’ का हिस्सा है, जो अब स्पॉटिफाई, यूट्यूब और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है। मेकर्स के अनुसार, ‘तेरे पीछे’ एक सुकून भरा, प्यार से ओत-प्रोत गाना है। इसमें प्यार की खूबसूरती और नाजुक भावनाओं को बहुत खूबसूरती से दर्शाया गया है। गाने की खास बात अपारशक्ति की मधुर आवाज और महिमा मकवाना की नेचुरल परफॉर्मेंस है, जो इसे और भी दिल को छू लेने वाला बनाती है।
अपारशक्ति खुराना ने गाने के बारे में बात करते हुए कहा, “‘तेरे पीछे’ मेरे सबसे खास गानों में से एक है। यह प्यार की तड़प और सुकून दोनों को महसूस कराता है। मैंने इसे साक्षी रट्टी और मीर देसाई के साथ मिलकर बनाया है। यह कविता और आधुनिक मधुर संगीत का सुंदर मेल है। मैं चाहता हूं कि लोग इसे अपने खास व्यक्ति के साथ सुनें और प्यार की खूबसूरती को गहराई के साथ महसूस करें।”
गाने के बोल साक्षी रट्टी और अपारशक्ति खुराना ने लिखे हैं। संगीत साक्षी रट्टी और मीर देसाई ने दिया है। म्यूजिक वीडियो में अपारशक्ति और महिमा की जोड़ी दर्शकों को आकर्षित कर रही है। दोनों की स्क्रीन प्रेजेंस और केमिस्ट्री गाने को और आकर्षक बना रही है। यह गाना अपारशक्ति के नए ईपी ‘बिटवीन अस’ का पहला ट्रैक है।
इस ईपी में दो अन्य गाने भी शामिल हैं, इनमें ‘गुलाबी आसमान’ और ‘आखरी वार’भी शामिल है। तीनों गाने अलग-अलग संगीत शैली में हैं, लेकिन इनमें आम जिंदगी की भावनाएं, प्यार और रिश्तों की नाजुकता जुड़ी हुई है। ‘गुलाबी आसमान’ और ‘आखरी वार’ भी जल्द ही अपने अलग म्यूजिक वीडियो के साथ रिलीज होने वाले हैं। ‘
--आईएएनएस
एमटी/पीएम