अमेय डबली ने 'कैडेंस म्यूजिक फेस्टिवल' में शेयर किए अनुभव

मुंबई, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। भजन क्लबिंग के मशहूर कलाकार अमेय डबली ने हाल ही में सुभाष घई के एक्टिंग स्कूल 'व्हिस्लिंग वुड्स इंस्टीट्यूट' के 'कैडेंस म्यूजिक फेस्टिवल' में शिरकत की। इस कार्यक्रम में उन्होंने वहां आध्यात्म और भजन क्लबिंग के बारे में बताया।

इस दौरान अमेय ने आईएएनएस के साथ बातचीत की और बताया कि आजकल युवा पीढ़ी भी इस ओर आकर्षित हो रही है। अमेय ने कहा, "'कैडेंस म्यूजिक फेस्टिवल' देश में छात्रों के लिए सबसे अच्छे म्यूजिक फेस्टिवल में से एक है। मुझे बहुत खुशी है कि मैं यहां आया। छात्रों से जुड़ने का मौका मिला।"

अमेय डबली ने भजन क्लबिंग में युवा पीढ़ी के शामिल होने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, "भजन क्लबिंग एक अच्छा चलन है। हमारे देश में तो यह कई सालों से चला आ रहा है। मैं खुद पिछले 20 सालों से यह कर रहा हूं। सुभाष घई जैसे लोग और कई संगठन इसे बढ़ावा दे रहे हैं तथा दूसरों को प्रेरित कर रहे हैं। यह बहुत अच्छी बात है।"

आईएएनएस ने उनसे सवाल किया, "लोग कहते हैं कि युवा पश्चिमी संगीत और रैप ज्यादा सुनते हैं। हमारी संस्कृति भी तो है?"

उन्होंने कहा, "नहीं, अगर संगीत के बोल अच्छे हैं तो संस्कृति खराब नहीं होती। संगीत कई तरह का होता है। पश्चिमी संगीत अलग है और भारतीय संगीत अलग है। हर तरह के संगीत की अपनी जगह होती है। भजन क्लबिंग से आध्यात्मिकता बढ़ती है। इसलिए यह अच्छी बात है। आज ऐसा हो रहा है, यह बढ़िया है और जरूरी भी है।"

आईएएनएस ने उनसे सवाल किया, "राष्ट्रपति भवन और द्रौपदी मुर्मू जी जैसे बड़े लोगों के सामने परफॉर्म करते समय आपकी क्या स्थिति रहती है?"

उन्होंने कहा, "एक कलाकार के तौर पर जब राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मंत्री, व्यवसायी, दोस्त या फिर छात्र आपकी तारीफ करते हैं, तो ज्यादा बेहतर करने और अपना संदेश फैलाने की प्रेरणा मिलती है।"

अमेय डबली ने आगे सभी को संदेश देते हुए कहा, "आप अपना सबसे बेहतरीन रूप बनाएं। बस यही मेरा संदेश है। आप यूट्यूब पर मेरे चैनल या अन्य स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर ‘भजन क्लबिंग’ वाला ‘हनुमान चालीसा’ मिक्स सुन सकते हैं। हनुमान जयंती के शुभ अवसर पर आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"

--आईएएनएस

एनएस/एबीएम

Related posts

Loading...

More from author

Loading...